रतलाम में चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसी महिला, RPF की फुर्ती से टली अनहोनी
रतलाम रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में प्लेटफार्म और पायदान के बीच फंसी महिला, आरपीएफ ने बचाई जान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : December 25, 2025 at 1:45 PM IST
|Updated : December 25, 2025 at 1:55 PM IST
रतलाम: रेलवे स्टेशन पर बुधवार शाम एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में महिला यात्रियों की जान बाल-बाल बची है. रेलवे पुलिस की सजगता से दोनों महिला यात्रियों की जान बचाई जा सकी है. घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही है. इसी दौरान महिला का पैर फिसला और वह प्लेटफार्म और ट्रेन के पायदान के बीच फंस गई. दूसरी महिला भी प्लेटफार्म पर गिर गई.
एक सेकंड की भी यदि देरी हो जाती तो महिला यात्रियों की जान जा सकती थी. लेकिन मौके पर मौजूद आरपीएफ के हेड कांस्टेबल नरेंद्र सिंह राठौर, चंद्रकांता तिवारी और सब इंस्पेक्टर श्रद्धा ठाकुर ने उन्हें तत्काल बाहर खींच लिया. दोनों महिलाओं को मामूली खरोच आई है, जिसके बाद गार्ड ने ट्रेन रुकवा कर उन्हें ट्रेन में वापस बैठाया.
चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में हादसा
आरपीएफ की टीम गाड़ियों के आने और जाने के समय यात्रियों की सुरक्षा के लिए प्लेटफार्म पर हमेशा तैनात रहती है. चलती ट्रेन से उतरने और चढ़ने को लेकर यात्रियों को समझाइए भी दी जाती है लेकिन कई लोग जल्दबाजी में लापरवाही कर जाते हैं और इस तरह के हादसे सामने आते हैं. बुधवार शाम भी रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर चार पर ऐसी ही घटना हुई, जब दो महिला यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रही थी. तभी महिला का पैर फिसला और वह देखते ही देखते ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच में फंस गई. प्लेटफार्म पर पास में ही खड़े आरपीएफ टीम के जवानों ने उन्हें तुरंत बाहर खींच लिया.
- 10 बजे बर्थ पर सोई महिला, चलती ट्रेन से हुई गायब, मथुरा से सतना लौट रहा था परिवार
- बुजुर्ग को चलती ट्रेन के नीचे आते देख RPF जवान ने फिल्मी स्टाइल में लगाई छलांग
- जबलपुर के भेड़ाघाट में सेल्फी के चक्कर में उजड़ा परिवार, मातम में बदलीं सालगिरह की खुशियां
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
आरपीएफ की यह सजगता प्लेटफार्म पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. जिसकी हर कोई तारीफ कर रहा है. मौके पर मौजूद सब इंस्पेक्टर श्रद्धा ठाकुर ने बताया कि, ''दो महिलाएं ट्रेन में चढ़ने का प्रयास कर रही थीं, इसी दौरान यह घटना हुई है. चलती ट्रेन से उतरना और उसमें चढ़ना दोनों ही बेहद खतरनाक है और इसमें यात्रियों की जान भी जा सकती है.'' रतलाम आरपीएफ पोस्ट प्रभारी इंस्पेक्टर पृथ्वीराज मीणा ने बताया कि, "हमारी टीम के नरेंद्र सिंह राठौड़, चंद्रकांत तिवारी और श्रद्धा ठाकुर ने कर्तव्य निभाते हुए सतर्कता के साथ महिला की जान बचाने का कार्य किया है.''
चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में कई हदसे पहले भी सामने आ चुके हैं. बावजूद इसके लोग जल्दबाजी में लापरवाही करने से बाज नहीं आते हैं. बड़ा सवाल यह भी है कि हर बार ऐसे वीडियो आने के बावजूद लोग लापरवाही बरतने में पीछे नही रहते हैं. ना ही ऐसी घटनाओं से सबक लेते हैं.

