रतलाम में 10 दिन में चाकूबाजी की 6 घटनाएं, एक बदमाश ने 4 लोगों को मारे चाकू
रतलाम में अवैध नल कनेक्शन काटने पर बदमाश ने 4 लोगों को चाकू मारकर किया घायल. बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 7:36 PM IST
रतलाम : शहर में नए साल की शुरुआत से शुरू हुआ चाकूबाजी का सिलसिला रुकने का नाम ही नहीं ले रहा है. बदमाशों के जेहन से पुलिस का खौफ लगभग खत्म हो चुका है. आलम यह है कि छोटी-छोटी बात पर बदमाश चाकू चला रहे हैं. रतलाम के सुभाष नगर ओवर ब्रिज क्षेत्र में बदमाश ने फिर चाकूबाजी की. बदमाश ने 4 लोगों पर चाकुओं से हमला किया.
इससे इलाके में दहशत फैल गई. बदमाश के हमले में 3 लोग घायल हुए हैं. जिन्हें आसपास के लोगों की मदद से रतलाम के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया.
ठेकेदार पर हमला, आसपास खड़े लोगों को भी किया घायल
यह घटना तब हुई जब सुभाष नगर ब्रिज के पास नगर निगम के ठेकेदार सड़क बनाने का कार्य कर रहे थे. इसी दौरान अवैध नल कनेक्शन को हटाने पर स्थानीय बदमाश मलंग शाह ने चाकू निकाल कर ठेकेदार पर हमला कर दिया और आसपास खड़े लोगों पर भी चाकू से वार किए.

नगर निगम के इंजीनियर रघुनाथ सूर्यवंशी ने बताया "नगर निगम के ठेकेदार और अन्य लोगों पर आरोपी मलंग शाह ने चाकू से हमला किया, जिसकी शिकायत दीनदयाल नगर थाने में दर्ज करवाई गई है."
चाकू मारने वाला बदमाश गिरफ्तार
थाना प्रभारी अनुराग यादव ने बताया "घटना की जानकारी मिलने पर थाने की टीम ने मौके पर जाकर आरोपी मलंग शाह को गिरफ्तार कर लिया है." वहीं लोगों का कहना है छोटी-छोटी बात पर बदमाश जमकर चाकू चला रहे हैं. नए साल की शुरुआत हुई अभी 9 दिन ही बीते हैं कि रतलाम शहर में चाकूबाजी की आधा दर्जन घटनाएं सामने आ चुकी हैं.
लोगों का कहना है कि बीच शहर में चाकूबाजी की घटनाएं होने से माहौल खराब हो रहा है. पुलिस को ऐसे बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. बदमाशों द्वारा चाकूबाजी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत है. भरे बाजार चाकूबाजी होने से पुलिस भी परेशान है.

