ETV Bharat / state

रतलाम में 49 हजार वोटर्स के नाम कटे, SIR ड्राफ्ट की प्रक्रिया हुई पूरी, जानें आगे क्या करना होगा

रतलाम में एसआईआर के बाद ड्राफ्ट का हुआ प्रकाशन, 49 हजार 210 मतदाताओं के काटे गए नाम, सबसे ज्यादा रतलाम विधानसभा से कटे.

RATLAM SIR DRAFT RELEASED
रतलाम में SIR की प्रक्रिया पूरी (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : December 24, 2025 at 10:52 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रतलाम: एसआईआर सर्वे का कार्य पूरा होने के बाद मंगलवार 23 दिसंबर को रतलाम में निर्वाचक नामावली की प्रारूप सूची का प्रकाशन किया गया है. सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक जिला निर्वाचन अधिकारी और रतलाम कलेक्टर मिशा सिंह ने ली है. इस दौरान राजनीतिक पार्टियों के प्रतिनिधियों को एसआईआर सर्वे के आंकड़ों और प्रारूप प्रकाशन सूची की जानकारी दी गई है.

22 जनवरी तक जुड़वा सकते हैं नाम

निर्वाचन नामावली प्रारूप प्रकाशन सूची के आंकड़ों के अनुसार रतलाम जिले में कुल 49 हजार 210 मतदाताओं के नाम विलोपित किए गए हैं. इसके साथ ही निर्वाचक नामावली प्रारूप प्रकाशन के सम्बन्ध में दावे व आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्रस्तुत की जा सकती हैं, जिसमें नोटिस जारी करने के बाद सुनवाई कर निराकरण 23 दिसंबर 2025 से 14 फरवरी 2026 तक किया जा सकेगा. 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भी बीएलओ द्वारा प्राप्त किए जाने की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी.

MP SPECIAL INTENSIVE REVISION
नाम कटा तो घबराने की जरूरत नहीं, मिलेगा अवसर (ECI)

49 हजार 210 मतदाताओं के कटे नाम

एडीएम शालिनी श्रीवास्तव ने बताया, '' कलेक्टर मिशा सिंह की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में एसआईआर से संबंधित जानकारी और निर्वाचन नामावली प्रारूप की जानकारी दी गई है. जिला जनसंपर्क द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार 27 अक्टूबर 2025 की निर्वाचक नामावली में कुल 1297 मतदान केंद्र पर 11 लाख 24 हजार 035 मतदाताओं की संख्या थी. अब प्रारूप प्रकाशन 23 दिसंबर के अनुसार जिले में कुल 1399 मतदान केन्द्र व 10 लाख 74 हजार 825 मतदाताओं की संख्या है. जिसके अनुसार जिले में कुल 49 हजार 210 मतदाताओं के नाम काटे गए हैं.''

सबसे अधिक रतलाम शहर कटे नाम

जिला निर्वाचन अधिकारी व कलेक्टर द्वारा जारी किए गए एसआईआर आंकड़ों के अनुसार जिले की विधानसभाओं के 1399 मतदान केंद्रों पर 49210 वोटरों के नाम कटे है. जिसमें सबसे ज्यादा वोटर रतलाम शहर विधानसभा से कटे हैं. यहां 20 हजार 530 वोटरों के नाम कटे हैं. रतलाम ग्रामीण विधानसभा से 5954, रतलाम शहर से 20,503, सैलाना में 8579 ,जावरा में 7491, अलोट में 6683 वोटरों के नाम कटे हैं.

नाम कटा तो घबराने की जरूरत नहीं, मिलेगा अवसर

निर्वाचन आयोग के मुताबिक जिन मतदाताओं के नाम सूची से हटाए गए हैं, उन्हें परेशान होने की आवश्यकता नहीं है. अपना नाम पुनः जुड़वाने के लिए उन्हें पर्याप्त अवसर दिए जाएंगे. जिन निर्वाचकों के नाम नो मैपिंग में हैं, अर्थात जिनके परिवार का कोई लिंक नहीं मिल पाया है, उन्हें भी नोटिस जारी किया जाकर सूचना कार्यालय नोटिस बोर्ड पर चस्पा की जाएगी. निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के विरुद्ध अपील जिला निर्वाचन अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है. जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध अपील मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी म.प्र. भोपाल के समक्ष प्रस्तुत की जा सकती है.