ETV Bharat / state

रतलाम में जमीन और रास्ते संबंधित विवाद निपटा रही पुलिस, विशेष जनसुनवाई कैंप शुरू

रतलाम पुलिस का जमीन और रास्ते के विवाद के लिए विशेष शिविर, बड़ी संख्या में जिले के थानों पर पहुंचे आवेदक.

RATLAM POLICE CAMP LAND DISPUTE
रतलाम में विशेष जनसुनवाई कैंप शुरू (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : July 5, 2026 at 4:51 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रतलाम: जमीन और रास्ते के लिए होने वाले विवादों को रोकने के लिए रतलाम पुलिस ने शनिवार को सभी पुलिस थानों पर विशेष कैंप आयोजित किया जिसमें पुलिस, राजस्व, न्याय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी जमीन और खेत के रास्ते संबंधित मामलों को सुलझाने का काम कर रहे थे. थाने पर ही विवाद से जुड़े सभी पक्षों को बुलाकर राजस्व एवं न्याय विभाग के अधिकारियों द्वारा सुनवाई कर मामलों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है. वहीं, दोनों पक्षों में आगे कोई विवाद न हो इसके लिए उन्हें पाबंद भी किया जा रहा है.

रतलाम पुलिस की इस पहल को अच्छा रिस्पांस भी मिल रहा है. बड़ी संख्या में पुलिस के इस मेगा कैंप में आवेदक पहुंच रहे हैं. पुलिस थाने पर तहसीलदार और नायब तहसीलदार की मौजूदगी में फसल बुवाई के लिए रास्ता दिलवाने और अन्य जमीन संबंधित मामलों का निराकरण किया जा रहा है.

रतलाम में जमीन और रास्ते संबंधित विवादों के लिए विशेष जनसुनवाई (ETV Bharat)

जमीन और रास्ते संबंधित विवादों के लिए विशेष जनसुनवाई

दरअसल, कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय में बीती जनसुनवाई में अधिकांश आवेदन जमीन और खेत के रास्ते से संबंधित विवादों के सामने आये थे. जिस पर रतलाम एसपी अमित कुमार ने संज्ञान लेते हुए राजस्व विभाग के सहयोग से जिले के सभी थानों पर जमीन और रास्ते संबंधित विवादों के लिए विशेष जनसुनवाई का आयोजन शनिवार और रविवार को रखा था.

रतलाम के औद्योगिक थाने पर विशेष कैंप में सुनवाई कर रही तहसीलदार पिंकी साठे ने बताया कि "रतलाम पुलिस की पहल पर आयोजित इस शिविर में जमीन संबंधित मामलों की त्वरित सुनवाई की जा रही है. जिन मामलों में सभी पक्ष सहमत हो रहे हैं उनका तत्काल निराकरण किया जा रहा है. वहीं, खेत में बुवाई के लिए अवरुद्ध हो रहे रास्तों को खुलवाने के निर्देश भी संबंधित पटवारी और पुलिस थाना के बीट प्रभारियों को दिए गए. वहीं, जमीन विवाद से जुड़े पक्षों के बीच कोई विवाद ना हो इसके लिए उन्हें विवाद नहीं करने की समझाइश के साथ कानून अनुसार पाबंद भी किया जा रहा है.

RATLAM POLICE CAMP LAND DISPUTE
रतलाम पुलिस का जमीन और रास्ते के विवाद के लिए विशेष शिविर (ETV Bharat)

विशेष कैंप शनिवार और रविवार के दिन

रतलाम एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया कि "सभी पुलिस थाना क्षेत्र में यह विशेष कैंप शनिवार और रविवार के दिन लगाया जा रहा है. जो लोग जमीन और रास्ता संबंधित विवाद से पीड़ित है. वह रविवार के दिन भी पुलिस थाने पर पहुंचकर अपनी समस्या दर्ज करवा सकते हैं."

ये भी पढ़ें:

पुलिस थानों पर शनिवार को लगे विशेष कैंप में बड़ी संख्या में लोग जमीन और रास्ते संबंधित विवादों के आवेदन लेकर पहुंचे हैं. रतलाम पुलिस की इस मुहिम से जमीन और रास्ते संबंधित होने वाले छोटे-मोटे विवादों को थाना और तहसील स्तर पर ही निपटाया जा सकेगा और इनसे होने वाले बड़े विवादों और खूनी संघर्षों जैसी घटनाओं की रोकथाम हो सकेगी.