खाना कम, बीयर और शराब ज्यादा, ढाबों पर रतलाम पुलिस की छापेमारी, मिले नशे के कई अड्डे
रतलाम में देर रात पुलिस अधिकारियों की छापेमारी, अवैध शराब के अड्डों और नामचीन बदमाशों पर एक्शन

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 31, 2026 at 11:58 AM IST
रतलाम : मध्य प्रदेश की रतलाम पुलिस इन दिनों एक्शन मोड में है. पिछले कई दिनों से रतलाम पुलिस कॉम्बिंग गश्त कर गुंडे और बदमाशों की धरपकड़ कर रही है. इस दौरान पुलिस ने शहर के आसपास संचालित कई ढाबों में जब छापेमारी की तो चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई. कई ढाबों में खाने से ज्यादा पीने की चीजें मौजूद थीं. यहां बीयर से लेकर हार्ड लिकर का ऐसा स्टॉक रखा गया था, जैसे कोई बीयर बार हो. शराब के इन अवैध अड्डों पर रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है.
थानों को सूचना दिए बिना एएसपी का एक्शन
बीती रात रतलाम एडिशनल एसपी राकेश कुमार ने शराब बेचने और पिलाने वाले ढाबों पर रेड डालकर कार्रवाई की है. इस दौरान इन ढाबों से बड़ी मात्रा में शराब भी जब्त की गई है. रतलाम एडिशनल एसपी ने संबंधित थानों पर सूचना दिए बिना ही इस कार्रवाई को अंजाम दिया है, जिसमें इन थाना क्षेत्र में चल रहे अवैध अहाते और अवैध शराब की बिक्री की पोल खोल दी है.
ढाबों में शराब का अवैध स्टॉक व बिक्री
बीती रात एडिशनल एसपी राकेश कुमार ने सैलाना रोड, सेजावता बाईपास और फोरलेन बाईपास पर पांच ढाबों पर अचानक छापेमारी की. इन ढाबों से देशी शराब से लेकर बीयर का बड़ा स्टॉक बरामद किया गया. वहीं, इन ढाबों पर अवैध रूप से ग्राहकों को बिठाकर शराब पिलाई जा रही थी. एडिशनल एसपी राकेश कुमार ने बताया, '' पुलिस अधीक्षक महोदय के निर्देश अनुसार कॉम्बिंग गश्त और अपराधियों पर कार्रवाई की जा रही है. लंबे समय से शिकायत मिल रही थी कि असामाजिक तत्व और अपराधी शहर के बाहरी क्षेत्र पर बने इन ढाबों पर सक्रिय हैं. इसके बाद यहां पर रेड की गई है, जिसमें अवैध शराब बेचने और पिलाते हुए ढाबा संचालक पकड़े गए हैं.''

पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में 50 से अधिक अपराधी पकड़ाए
रतलाम पुलिस के कॉम्बिंग गश्त अभियान में सभी एडिशनल एसपी, एसडीओपी, डीएसपी और थाना प्रभारी द्वारा अलग-अलग टीम बनाकर रात के समय कार्रवाई की जा रही है. इस दौरान पुलिस ने 50 से अधिक अपराधियों की धरपकड़ की है. कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिले भर में पुलिस द्वारा अलग-अलग प्रकरणों में लंबे समय से फरार 47 स्थाई वारंटियों और 77 अपराधियों को गिरफ्तारी वारंट तामील करवाए हैं.
यह भी पढ़ें-
- रतलाम में ढ़ाई करोड़ रुपए की MD ड्रग्स पकड़ाई, पुलिस की घेराबंदी पर कार छोड़कर भागे आरोपी
- रतलाम पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कार से 73 लाख रुपये बरामद, यूरिया के बोरे में ठूंस-ठूंस कर भरे थे
- रतलाम में नई नवेली E स्कूटी में धमाका, घर में आग लगने से झुलसी मां और बेटियां
बहरहाल मध्य प्रदेश सरकार द्वारा अहाते बंद करने के आदेश के बावजूद अवैध रूप से ढाबों और होटल में बड़े पैमाने पर शराब बिक्री और अहाते संचालित किए जा रहे हैं. रतलाम में पुलिस अधिकारियों द्वारा किए औचक निरीक्षण में कई ढाबों पर अवैध गतिविधि और नामी बदमाश पकड़े गए हैं.

