रतलाम के केदारेश्वर घाट पर देर रात धू-धूकर जला ट्रक, रतलाम-बांसवाड़ा रोड जाम
अहमदाबाद से रतलाम आ रहे ट्रक में शॉर्ट सर्किट से आग लगी. ट्रक में रखे खाने के तेल के डिब्बे खाक. मुश्किल से बुझी आग.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : February 27, 2026 at 3:28 PM IST
रिपोर्ट : दिव्यराज सिंह
रतलाम : गुरुवार रात एक ट्रक में भीषण आग लग गई. यह ट्रक खाने के तेल के डिब्बो से भरा था. इससे थोड़ी ही देर में पूरा ट्रक आग के शोलों में तब्दील हो गया. यह ट्रक अहमदाबाद से रतलाम आ रहा था. सरवन से सैलाना के बीच में केदारेश्वर घाट पर इसमें अचानक आग लग गई. देखते ही देखते पूरा ट्रक धू-धूकर जलने लगा. ट्रक में लगी भीषण आग का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पूरा ट्रक आग की लपटों में घिरा हुआ है.
ट्रक चालक व क्लीनर समय रहते ट्रक से कूदे
गनीमत यह रही कि चालक और क्लीनर समय रहते ट्रक से नीचे उतर गए. आसपास जंगल होने की वजह से ट्रक में लगी भीषण आग पर काबू नहीं पाया जा सका. ट्रक में रखे तेल के डिब्बों में आग लगने के बाद कई फीट ऊंची आग की लपटें निकलने लगी. ट्रक में लगी आगे इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर इसकी लपटें और रोशनी दिखाई दे रही थी.
सैलाना से दमकल टीम पहुंची
आग लगने की सूचना मिलने पर सैलाना नगर परिषद की दमकल टीम ने मौके पर पहुंच कर काबू पाया. भीषण आग की वजह से जाम हुए रतलाम-बांसवाड़ा रोड को भी सैलाना थाना पुलिस ने चालू करवाया. क्योंकि दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई थीं. सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया "अहमदाबाद से रतलाम जा रहे खाने के तेल से भरे ट्रक में आग लग गई. ट्रक चालक के अनुसार शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लगी, जिसके बाद धीरे-धीरे वह पूरे ट्रक में फैल गई."
- बीच शहर चलती कार बनी आग का गोला, पहली बार ससुराल जा रही थी बहू, 6 लोग थे सवार
- गुटखा लेकर ओडिशा जा रहा था कंटेनर, रास्ते में बना आग का गोला, ड्राइवर कूदा
ट्रक में रखे तेल के डेढ़ सौ से ज्यादा डिब्बे खाक
ट्रक में रखे खाने के तेल के 150 से ज्यादा डिब्बे जलकर खाक हो गए. ज्वलनशील पदार्थ भरे होने की वजह से ट्रक में लगी आग पर काबू पाने में दमकल विभाग की टीम और पुलिस की टीम को खासी मशक्कत करनी पड़ी. इस दौरान ट्रक में रखे तेल के विस्फोट भी हो रहे थे. वहां से गुजर रहे लोगों ने आग की घटना को मोबाइल में कैद किया. सैलाना थाना पुलिस ने मामले की जांच कर रही है.

