मेरा कोई सुनने वाला नहीं, रतलाम में जनसुनवाई में फूट फूट कर रोई बुजुर्ग महिला
रतलाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जनसुनवाई, बुजुर्ग महिला ने बयां की अपनी समस्या, जेठ और देवर ने छीन लिया मेरी जमीन और मकान.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : April 28, 2026 at 4:34 PM IST
रतलाम: रतलाम में जिला मुख्यालय और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में होने वाली जनसुनवाई के हाल अब भी सुधर नहीं पाए हैं. जनसुनवाई में पहुंची एक बुजुर्ग महिला सुनवाई नहीं होने से व्यथित होकर जनसुनवाई में ही फफक कर रो पड़ी. बेसहारा बुजुर्ग महिला को उसके जेठ और देवर ने ही जमीन और मकान छीन कर संपत्ति से बेदखल कर दिया. लेकिन न तो कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारियों और न ही पुलिस ने महिला की सुनवाई की.
स्थानीय पत्रकारों के द्वारा समस्या पूछे जाने पर वह फफक कर रो पड़ी और बोली कि मेरी कोई सुनवाई नहीं हो रही है. पति की मृत्यु हो चुकी है और एक बेटी है जिसके साथ जनसुनवाई में पहुंची है. मकान और घर पर जेठ और देवर ने कब्जा कर लिया है. गौरतलब है कि एक दिन पूर्व ही रतलाम पुलिस ने बुजुर्ग और बेसहारा महिलाओं की विशेष जनसुनवाई आयोजित की थी. लेकिन जनसुनवाई में पहुंच रहे बुजुर्ग व्यक्तियों की समस्या सुनने वाला कोई नहीं है.
यह था पूरा मामला
दरअसल, कलेक्ट्रेट कार्यालय में जनसुनवाई के दौरान रामपुरिया की रहने वाली बुजुर्ग महिला सोहन बाई परमार अपनी बेटी के साथ पहुंची थी. जहां जनसुनवाई कर रही महिला अधिकारियों को उसने परिवार के ही सदस्यों द्वारा घर और मकान पर कब्जा कर लेने की शिकायत की. लेकिन कोई समाधान उन्हें नहीं मिल सका. इसके बाद स्थानीय पत्रकारों ने परेशान हो रही महिला सोहन बाई परमार से समस्या पूछी तो वह फफक कर रो पड़ी और बताया की "जनसुनवाई में चक्कर लगाकर परेशान हो चुकी हूं. मेरा कोई साथ नहीं दे रहा है. मेरे को बहुत दिक्कत है...मैं तो मर जाऊं " इसके बाद पीड़ित महिला को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में चल रही जनसुनवाई में भेजा गया. वहां भी महिला को केवल आश्वासन ही मिल पाया.

ये भी पढ़ें:
- गुना में ज्योतिरादित्य सिंधिया ने की जन सुनवाई, पिता के इलाज के लिए मदद मिलने पर रो पड़ी बेटी
- खाली बर्तन ले सीहोर कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंची 12 गांवों की महिलाएं बिलख कर रोईं
2 दिन पूर्व ही रतलाम पुलिस द्वारा बुजुर्ग बेसहारा महिलाओं की विशेष जनसुनवाई आयोजित की गई थी. जिसमें अकेले रह रहे बुजुर्ग और बेसहारा महिलाओं की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण किए जाने की बात पुलिस अधिकारियों ने कही थी. हालांकि, मीडियाकर्मियों के हस्तक्षेप के बाद महिला की शिकायत पर कार्यवाही किए जाने का आश्वासन पुलिस अधिकारियों ने दिया है.

एडिशनल एसपी विवेक कुमार ने बताया कि "बुजुर्ग लोग जो अकेले रहते हैं या जिनका कोई नहीं है उनकी शिकायतों और समस्याओं का समाधान पुलिस प्राथमिकता के साथ करेगी जिसके लिए एक विशेष अभियान भी रतलाम पुलिस द्वारा चलाया जा रहा है."

