दुबई में फंसा रतलाम का युवा, गौरव ने वीडियो बनाकर बताए हालात, भारतीयों का ख्याल रख रही सरकार
अमेरिका-इजरायल ईरान युद्ध के बीच दुबई में फंसे रतलाम के इवेंट ऑर्गेनाइजर गौरव पारीख, वीडियो जारी कर दिखाए दुबई के हालात, जल्द आएंगे भारत.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 3, 2026 at 1:24 PM IST
रिपोर्ट: दिव्यराज सिंह राठौर
रतलाम: अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध चल रहा है. इस बीच दुनियाभर के कई लोग खाड़ी देशों में फंसे हुए हैं, जिससे लोगों में डर का माहौल है. युद्ध के बीच दुबई में फंसे मध्य प्रदेश के नागरिकों की तरफ से राहत भरी खबर आई है. वहां मौजूद लोगों ने खुद के सुरक्षित होने और दुबई में हालात सामान्य होने की कुशल खबर भेजी है. रतलाम के इवेंट ऑर्गेनाइजर गौरव पारीख ने दुबई से वीडियो शेयर कर युद्ध को लेकर वहां चल रही स्थिति स्पष्ट की है.
गौरव पारीख के अनुसार दुबई में हालात पूरी तरह सामान्य हैं और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है. टूरिस्टों के ठहरने और भोजन की पूरी व्यवस्था स्थानीय सरकार द्वारा की जा रही है. वहीं, भारत और यूएई सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है.
2 दिन परेशान रहे परिजन, मौजूदा स्थिति से मिली राहत
दरअसल, 28 फरवरी को अमेरिका-इजरायल हमले के बाद ईरान की जवाबी कार्रवाई दुबई, कुवैत और ओमान में देखने को मिली. खासकर दुबई में कई भारतीयों के फंसे होने की जानकारी मिली थी. रतलाम के इवेंट ऑर्गेनाइजर गौरव पारीख वहीं फंसे थे. दुबई से फोन पर गौरव पारीख ने बताया कि "पहले दिन थोड़ा डर का माहौल था, लेकिन सभी टूरिस्ट और भारतीयों को सुरक्षित स्थान पर ठहरने की व्यवस्था यहां की सरकार ने की है.

बेटा अभी सुरक्षित, दिल को मिली थोड़ी राहत
खाने की व्यवस्था के साथ ही हवाई सेवा शुरू होते ही सभी को सुरक्षित अपने-अपने देश भेजने की व्यवस्था भी यहां की स्थानीय सरकार करने में जुटी हुई है." रतलाम में गौरव के पिता एडवोकेट सुनील पारीख ने बताया कि "पहले दिन ईरान के हमले की जानकारी मिलने पर चिंता हुई और बार-बार बेटे से फोन पर अपडेट ले रहे थे, लेकिन अब राहत है क्योंकि बेटा सुरक्षित है और जल्दी ही भारत लौट आएगा.
- US-इजरायल ईरान युद्ध से बाजार में हलचल, आसमान छू रहे सोने-चांदी के दाम
- इजराइल-ईरान युद्ध का इंपैक्ट : ड्राई फ्रूट बाजार में दनादन गिर रही बैलेस्टिक मिसाइल
सुनील पारीख ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा को लेकर यूएई और भारत सरकारें पूरी गंभीरता से काम कर रही है. इसलिए चिंता और किसी भी प्रकार की मांग करने की कोई आवश्यकता ही नहीं है." बहरहाल रतलाम के गौरव पारीख ने बुर्ज खलीफा के आसपास घूमकर वीडियो बनाकर वहां के हालात दिखाए हैं और बताया कि वहां माहौल शांतिपूर्ण है. वहीं भारतीय दूतावास के लगातार संपर्क में होने की बात भी गौरव ने बताई है.

