रतलाम में सड़क पर खड़े हो गए प्याज से भरे 600 ट्रैक्टर-ट्रॉली, 4 किमी का लग गया जाम
रतलाम में सावन के आखिरी सोमवार पर बंद कर दी मंडी, गुस्साए किसानों ने लगा दी प्याज से भरी ट्रैक्टर-ट्राली, लग गया जाम, दिव्यराज सिंह की रिपोर्ट.

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : August 24, 2026 at 3:02 PM IST
|Updated : August 24, 2026 at 3:30 PM IST
रतलाम: कृषि उपज मंडी में बिना सूचना रखे गए अवकाश को लेकर किसान भड़क गए और महू नीमच रोड जाम कर दिया. नीलामी के लिए पहुंची करीब 600 प्याज की ट्रालियां किसानों ने सड़क पर ही लगा दी. जिससे 4 किलोमीटर का जाम लग गया. रतलाम, उज्जैन और धार जिलों से रतलाम कृषि उपज मंडी में प्याज बेचने आए किसानों को बताया गया कि सावन के आखिरी सोमवार होने की वजह से कृषि मंडी में अवकाश रखा गया है. जिसके बाद किसान बिना सूचना दिए मंडी बंद रखने को लेकर नाराज हो गए और महू नीमच रोड पर ही ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी कर चक्का जाम कर दिया.
प्याज की कीमत अच्छी मिलने से हो रही बंपर आवक
दरअसल, प्याज की कीमतों में आई तेजी की वजह से बड़ी संख्या में किसान अपना प्याज बेचने कृषि मंडी में पहुंच रहे हैं. आने वाले दिनों में त्योहारों की वजह से होने वाली छुट्टियों के चलते सोमवार के दिन कृषि उपज मंडी में करीब 900 ट्रैक्टर ट्राली प्याज नीलामी के लिए पहुंचा था, लेकिन यहां पहुंचने पर किसानों को निराशा हाथ लगी.
उज्जैन से रतलाम कृषि उपज मंडी में प्याज बेचने पहुंचे किसान मुकेश पाटीदार ने बताया कि "शनिवार के दिन से प्याज बेचने के लिए ट्रैक्टर ट्राली लेकर आए हुए हैं और आज भी अचानक से सावन सोमवार का अवकाश घोषित कर दिया गया. जिससे किसानों को परेशानी हो रही है और ट्रैक्टर भाड़े के रुपए भी लग रहे हैं."

अचानक अवकाश रखने से किसान परेशान, लगा दिया जाम
किसान नेता राजेश पुरोहित ने बताया कि "हर बार किसानों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है. शासकीय अवकाश के अलावा बेवजह छोटे-छोटे आयोजन और मौका पर व्यापारी अपनी सुरक्षा से अवकाश रख लेते हैं. जिसकी वजह से रतलाम ही नहीं आसपास के जिलों से आने वाले किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ता है." किसानों के द्वारा किए गए चक्काजाम की वजह से महू नीमच रोड पर 4 किमी लंबा जाम लग गया. सड़क पर ही करीब 600 ट्रैक्टर ट्रालियां खड़ी कर दी गई. जिसकी वजह से महू नीमच रोड 2 घंटे तक जाम रहा. इस दौरान आने जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा. वहीं धरने के दौरान पहुंची एंबुलेंस को किसानों ने जरूर रास्ता देकर बाहर निकाला है.

- 5 करोड़ किसान, लाखों टन आयात, कौन बढ़ा रहा शक्कर के दाम, जानिए चीनी का पूरा गणित
- खाद संकट की भेट चढ़ी खरीफ फसल, अब ई-टोकन व स्टॉक मिलान के चक्रव्यूह में किसान
बहरहाल मौके पर पहुंचे रतलाम तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने बताया कि "नाराज किसानों से चर्चा कर चक्का जाम खुलवाया गया है. कृषि मंडी में बड़ी संख्या में पहुंचे प्याज की नीलामी की व्यवस्था भी कृषि उपज मंडी प्रबंधन से चर्चा कर की जा रही है."

