आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 में फर्जीवाड़ा, 12 अभ्यर्थियों पर एफआईआर दर्ज
रतलाम के केंद्र पर परीक्षा देने वाले 12 अभ्यर्थियों पर एफआईआर दर्ज, सीसीटीवी रिकॉर्ड से हुआ खुलासा

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team
Published : March 2, 2026 at 7:44 PM IST
रिपोर्ट : दिव्यराज सिंह राठौर
रतलाम : मध्य प्रदेश में व्यापम घोटाले के बाद अब आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के अंतर्गत रतलाम के एक केंद्र पर परीक्षा देने वाले 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ भोपाल की एमपी नगर पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है. एमपी नगर थाना पुलिस ने शून्य पर कायमी कर मामले की जांच रतलाम के औद्योगिक थाना पुलिस को दी है.
कर्मचारी चयन आयोग के प्रिंसिपल ने दर्ज कराई एफआईआर
यह परीक्षा 9 सितंबर से 21 सितंबर 2025 तक आयोजित की गई थी, जिसमें रतलाम के विरियाखेड़ी स्थित रतलाम पब्लिक स्कूल केंद्र में गड़बड़ियां सामने आई है. इसके बाद इस मामले में कर्मचारी चयन आयोग के प्रिंसिपल व सिस्टम एनालिस्ट ने 12 अभ्यर्थीयों के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करवाया है. इन सभी अभ्यर्थियों ने रतलाम के इस केंद्र पर परीक्षा दी थी.
सीसीटीवी रिकॉर्ड खंगालने पर हुआ खुलासा
इस मामले में कर्मचारी चयन आयोग के प्रिंसिपल व सिस्टम एनालिस्ट ने 12 छात्रों के डाटा में शुरुआती तौर पर कुछ गड़बड़ियां पाई हैं. एमपी नगर थाना भोपाल में दर्ज की गई एफआईआई के अनुसार आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 2025 के पेपर के दौरान के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ है. जब सीसीटीवी रिकॉर्ड खंगाले गए तो गड़बड़ियों की तस्वीर सामने आई है. इसमें एक व्यक्ति 12 अभ्यार्थियों को अनुचित लाभ पहुंचाते हुए नजर आ रहा है.

यह भी पढ़ें-
- मध्य प्रदेश कर्मचारी चयन मंडल की ग्रुप-2 सब ग्रुप 4 परीक्षा में अयोग्य व्यक्ति मैरिट में कैसे? हाईकोर्ट ने मांगा जवाब
- रतलाम में हेरोइन की बड़ी खेप पकड़ाई, सीबीएन नीमच ने इंदौर जा रहे ड्रग्स तस्करों को दबोचा
इसी के आधार पर इन 12 अभ्यर्थियों का रजिस्ट्रेशन निरस्त कर उनके खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है. रतलाम औद्योगिक थाने के प्रभारी सत्येंद्र रघुवंशी ने बताया, '' इस मामले में और संबंधित दस्तावेज मिलने के बाद जांच प्रारंभ की जाएगी. इस मामले में रतलाम पब्लिक स्कूल प्रबंधन की भूमिका के बारे में भी जांच की जाएगी.'' अब इस बहुचर्चित मामले में कई अहम खुलासे होने की संभावना है. यह 12 स्टूडेंट कौन हैं, कहां के रहने वाले हैं और किस तरह की गड़बड़ी की गई है.इन सवालों के जवाब आना अभी बाकी है.

