ETV Bharat / state

रतलाम में सैकड़ों ट्रैक्टरों की रैली, भक्तों ने भगवान से की वर्षा और बंपर उपज की कामना

रतलाम में 22 गांवों से 500 ट्रैक्टरों की रैली में उमड़े भक्त, पोलो ग्राउंड से विधायक सभागृह तक 3 किलोमीटर लंबी रैली. रिपोर्ट दिव्यराज सिंह.

RATLAM TRACTOR RALLY
रतलाम में सैकड़ों ट्रैक्टरों की रैली (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Madhya Pradesh Team

Published : September 3, 2026 at 10:47 AM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रतलाम: बलराम जयंती के मौके पर बुधवार को धाकड़ समाज ने बड़ी ट्रैक्टर रैली निकालकर स्वच्छता और सामाजिक एकता का संदेश दिया है. करीब 22 गांव से 500 ट्रैक्टर आराध्य देव बलराम की जयंती के मौके पर रतलाम में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे. ट्रैक्टरों की लंबी लाइन देखकर ऐसा लग रहा था कि जैसे किसानों का आंदोलन या प्रदर्शन है.

रतलाम के पोलो ग्राउंड से विधायक सभागृह तक लगभग 3 किलोमीटर लंबी रैली निकाली गई. इस दौरान आयोजनकर्ताओं ने खुद ट्रैफिक की व्यवस्था संभाली. वहीं, रैली स्वागत के बाद जगह-जगह फैले कचरे को आयोजन समिति के कार्यकर्ताओं ने सफाई कर स्वच्छता की मिसाल पेश की.

500 ट्रैक्टरों की रैली में उमड़े भक्त (ETV Bharat)

ट्रैक्टरों की लंबी कतारें देख हैरत में लोग

किसानों के आराध्य देव बलराम जयंती का मुख्य आयोजन बुधवार को रतलाम के विधायक सभागृह में आयोजित किया गया था. जहां धाकड़ समाज के लोग बड़ी संख्या में ट्रैक्टर रैली लेकर रतलाम पहुंचे. इस दौरान शहर में धाकड़ समाज ने अनुशासित तरीके से ट्रैक्टर रैली निकाली है. इसकी सबसे खास बात यह रही कि शहर के मध्य से लेकर आयोजन स्थल तक करीब 3 किलोमीटर लंबी ट्रैक्टर रैली को देखकर हर कोई हैरत में पड़ गया. लोगों को लगा कि यहां कोई किसान आंदोलन होने जा रहा है.

BHAGWAN BALARAMA JAYANTI
रतलाम में धाकड़ समाज ने मनाया भव्य बलराम जयंती (ETV Bharat)

भगवान बलराम से वर्षा और बंपर उपज की कामना

धाकड़ समाज के पदाधिकारी डीपी धाकड़ ने बताया, "आराध्य देव बलराम की जयंती है. इस अवसर पर धाकड़ समाज द्वारा सामाजिक एकता और स्वच्छता का संदेश देने के उद्देश्य से ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया गया था. आयोजन के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था नहीं बिगड़े, इसके लिए हर चौराहे और सड़क पर कार्यकर्ताओं ने व्यवस्था संभाली है. इस दौरान रैली के स्वागत में हुए कचरे को भी समाज के कार्यकर्ताओं ने साफ कर स्वच्छता का संदेश दिया है. समाज की सामूहिक सभा में भगवान बलराम से अच्छी वर्षा और अच्छी खेती की उपज पैदा होने की कामना की गई है."

MP VIDHAN SABHA HALL
ट्रैक्टर रैली निकालकर मनाया बलराम जयंती (ETV Bharat)

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही रतलाम शहर में हुए एक धार्मिक आयोजन और जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में डीजे साउंड बजाने की वजह से ध्वनि प्रदूषण और पूरे शहर में ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी थी. जिसके बाद बुधवार को एक बार फिर धाकड़ समाज की महा ट्रैक्टर रैली में 22 गांव से 500 से अधिक ट्रैक्टर और दो पहिया वाहनों के साथ 2 हजार लोग शामिल हुए, लेकिन ट्रैफिक जाम किए बिना पूरे अनुशासन के साथ रैली निकाल कर धाकड़ समाज ने सकारात्मक उदाहरण पेश किया है.