कानपुर में धर्म छिपाकर लॉ छात्रा से दुष्कर्म, धमकी दी- पुलिस में बंद करवा दो या गोली मार दो
आरोपी के डर से छात्रा ने कॉलेज जाना छोड़ दिया, एक महीने से घर में ही कैद है. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 30, 2026 at 7:58 PM IST
कानपुर : कोतवाली थाना क्षेत्र में पहचान छिपाकर लॉ स्टूडेंट से रेप करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है. पुलिस ने आरोपी मो. कैफ को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी की प्रताड़ना और पीछा करने की आदतों से डरकर पिछले एक महीने से घर में कैद थी और कॉलेज जाना भी छोड़ दिया था.
पीड़ित छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सिविल लाइंस के एक कॉलेज से एलएलबी कर रही है. उसके घर में एक गाय है, जिसकी तबीयत खराब होने पर कोपरगंज के सरकारी पशु चिकित्सालय के वेटनरी डॉ. राजेंद्र बाबू को दिखाया गया था. डॉक्टर ने इलाज के लिए अपने असिस्टेंट मो. कैफ को घर भेजा था. आरोपी ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और अपना नाम राजदीप सिंह बताकर बातचीत शुरू कर दी. इस दौरान उसने झांसा देकर शारीरिक संबंध भी बनाए और बाद में ब्लैकमेल करने लगा.
सच्चाई सामने आने पर दी धमकी : छात्रा ने बताया, जब उसे पता चला कि वह राजदीप नहीं बल्कि मो. कैफ है, तो उसने बात करना बंद कर दिया. इसके बाद आरोपी नशे की हालत में आए दिन उसके घर के बाहर पहुंच जाता और गाली-गलौज करते हुए जबरदस्ती बात करने का दबाव बनाता था. जब परिवार ने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी. आरोपी ने चुनौती देते हुए कहा, मुझे पुलिस में बंद करवा दो या गोली मार दो, बदनामी तुम्हारी लड़की की ही होगी. इस खौफ के कारण छात्रा ने कॉलेज जाना और घर से बाहर निकलना बंद कर दिया.
एक महीने से घर में कैद है बेटी : पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपी की धमकियों और उसके द्वारा पीछा किए जाने के डर से उनकी बेटी मानसिक रूप से बेहद परेशान हो चुकी है. आरोपी के डर का आलम यह है कि उनकी बेटी करीब एक महीने से घर के भीतर ही कैद रहने को मजबूर है. आरोपी की रोज-रोज की हरकतों और धमकी से परेशान होकर आखिरकार परिवार ने शुक्रवार को कोतवाली थाने पहुंचकर न्याय की गुहार लगाई और मामला दर्ज कराया.
कोतवाली एसीपी आशुतोष कुमार ने बताया कि थाना कोतवाली पर एक लड़की ने शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति अपनी पहचान छुपाकर उसका शारीरिक, मानसिक और आर्थिक शोषण कर रहा है. तत्काल थाना कोतवाली में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया. थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. सुसंगत साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम कार्यवाही की जाएगी.
यह भी पढ़ें : कवि हरिओम पंवार की बशीर बद्र को श्रद्धांजलि, 'ईश्वर ऐसे बशीर पैदा करें जिससे तहजीबों का संगम बना रहे'

