लखनऊ में 7वीं की छात्रा से दुष्कर्म, आरोपी ऑटो चालक गिरफ्तार
डरा-धमकाकर जंगल में ले गया आरोपी, मेडिकल रिपोर्ट में रेप की पुष्टि.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 12, 2026 at 9:00 AM IST
लखनऊ: राजधानी के पारा इलाके में एक ऑटो चालक ने सातवीं की छात्रा के दरिंदगी की. आरोपी ने छात्रा को असलहा दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और उसे जबरन जंगल ले जाकर दुष्कर्म किया. छात्रा के गुमसुम रहने पर जब परिजनों को शक हुआ तो इसका खुलासा हुआ. पारा पुलिस ने छेड़छाड़ के मुकदमे में मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की गंभीर धाराएं बढ़ाते हुए आरोपी ऑटो चालक को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता अक्सर अपने भाइयों को स्कूल छोड़ने जाती थी. रास्ते में बुद्धेश्वर निवासी ऑटो चालक दीपक अपने साथियों संग रोककर छेड़छाड़ करता था. पिछले महीने आरोपी दीपक छात्रा को डरा-धमकाकर ऑटो से जंगल में ले गया. वहां उसने नाबालिग को असलहा दिखाकर डराया और उसके साथ दुष्कर्म किया. आरोपी ने धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वह उसे जान से मार देगा.
घटना के बाद से छात्रा काफी गुमसुम रहने लगी थी. जब मां ने विश्वास में लेकर पूछताछ की, तो बच्ची फूट-फूट कर रोने लगी और आपबीती बताई. परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने शुरुआती तौर पर छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज किया था. इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया, जिसमें दुष्कर्म की पुष्टि हुई. इसके आधार पर मुकदमे में दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराएं बढ़ाई गईं. पारा पुलिस ने आरोपी ऑटो चालक दीपक को बुद्धेश्वर इलाके से गिरफ्तार कर लिया. पुलिस दीपक के उन साथियों की भूमिका की भी जांच कर रही है, जो रास्ते में छात्रा को रोकने और फब्तियां कसने में शामिल थे.

