डेयरी मालिक ने महिला को नशीली कॉफी पिलाकर किया रेप; वीडियो बनाकर कर रहा था ब्लैकमेल, FIR दर्ज
पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया आरोपी अंकित पाल के खिलाफ रेप और ब्लैकमेलिंग जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 9, 2026 at 9:06 PM IST
लखनऊ: राजधानी के पीजीआई थाना क्षेत्र में एक डेयरी मालिक ने महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया और उसके अश्लील फोटो-वीडियो खींचकर उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया. आरोपी न केवल महिला का शारीरिक शोषण करता रहा, बल्कि वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की धमकी देकर उससे रुपये भी ऐंठता रहा. डीसीपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गयी है.
कॉफी में नशीला पदार्थ देकर किया रेप: पीड़िता निगोहां की रहने वाली है और पति की मौत के बाद पीजीआई इलाके में किराए पर रहकर घरों में काम करके अपना गुजारा करती है. दो महीने पहले पीड़िता ने ईश्वरी खेड़ा स्थित अंकित पाल पाल डेयरी का मालिक) के मकान में कमरा किराए पर लिया था. आरोप है कि 11 दिसंबर को आरोपी अंकित के भाई का तिलक था. रात करीब 9 बजे जब महिला अपने कमरे में थी, तब अंकित एक अन्य महिला के साथ आया और उसे कॉफी और खाना दिया.
वीडियो बनाकर किया ब्लैकमेल, होटल ले जाकर भी की दरिंदगी: इसे पीते ही महिला बेहोश हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसके साथ रेप किया. होश आने पर पीड़िता को अपने शरीर पर चोट के निशान मिले. आरोपी ने उसकी अश्लील तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे. वीडियो दिखाकर धमकी देता था और महिला से बार-बार रेप करता रहा और उससे रुपये भी वसूलता रहा. डर के मारे महिला ने 2 जनवरी को कमरा छोड़ दिया, लेकिन आरोपी ने उसका पीछा नहीं छोड़ा. मवैया के पास से उसे जबरन मोटरसाइकिल पर बैठाकर पीजीआई के एक होटल में ले गया और वहां फिर उसके साथ दरिंदगी की.
डीसीपी के आदेश पर FIR दर्ज: लगातार मिल रही धमकियों से टूट चुकी पीड़िता ने अंतत हिम्मत जुटाई और गुरुवार शाम डीसीपी से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई. डीसीपी के निर्देश के बाद पीजीआई पुलिस ने एफआईआर दर्ज की. पीजीआई इंस्पेक्टर धीरेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी अंकित पाल के खिलाफ रेप, नशीला पदार्थ खिलाने और ब्लैकमेलिंग जैसी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है.

