शराब घोटाले पर राव नरेंद्र सिंह का BJP पर तीखा प्रहार, भाजपा पर झूठे मुकदमों की सियासत का लगाया आरोप
राव नरेंद्र सिंह ने शराब घोटाले पर भाजपा को घेरा. साथ ही झूठे मुकदमों की सियासत का आरोप लगाया.

Published : February 28, 2026 at 10:26 AM IST
रेवाड़ी: हरियाणा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह रेवाड़ी पहुंचे. इस दौरान उन्होंने भाजपा पर शराब घोटाले सहित कई मुद्दों को लेकर हमला बोला. उन्होंने कहा कि, "कथित शराब घोटाले में अरविंद केजरीवाल के बरी होने और एजीएल मामले में पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा को राहत मिलने से यह स्पष्ट हो गया है कि भाजपा राजनीतिक विरोधियों को झूठे मामलों में फंसाकर परेशान करती रही है. अदालत के फैसलों ने भाजपा की राजनीति का असली चेहरा जनता के सामने ला दिया है."
राज्यसभा चुनाव पर रणनीति जारी: राज्यसभा चुनाव को लेकर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि, "अभी उम्मीदवार के नाम पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है. पार्टी हाईकमान और प्रदेश नेतृत्व के साथ विचार-विमर्श जारी है और जल्द ही निर्णय लिया जाएगा." उन्होंने संभावना जताई कि एक सीट कांग्रेस और एक सीट भाजपा के खाते में जा सकती है. स्याही कांड पर उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि, "पार्टी के विधायक और नेता पूरी निष्ठा से खड़े हैं और किसी भी तरह की अनैतिक घटना की गुंजाइश नहीं है."
नौकरियों और "कैप्टन" विवाद पर सफाई: कांग्रेस शासनकाल में नौकरियों के बंदरबांट के आरोपों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि, "सभी भर्तियां पूरी पारदर्शिता और मेरिट के आधार पर हुई थीं." ‘कैप्टन’ द्वारा उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि, "वह उनके निजी विचार हो सकते हैं, लेकिन पार्टी से कोई बड़ा नहीं होता. सभी नेताओं को पार्टी लाइन में रहकर बयान देना चाहिए, तभी संगठन मजबूत रहेगा."
स्वास्थ्य सुविधाओं और संगठन मजबूती पर जोर: प्रदेश अध्यक्ष ने रेवाड़ी के भगवानपुर क्षेत्र में 200 बेड का अस्पताल जल्द बनाने की मांग की. साथ ही सभी सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दिया. नगर निकाय चुनावों को लेकर उन्होंने दावा किया कि रेवाड़ी सहित तीनों निगमों में कांग्रेस उम्मीदवार जीत दर्ज करेंगे. शहरी कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण चौधरी और अन्य पदाधिकारियों के साथ पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में बैठक कर संगठन की मजबूती और चुनावी रणनीति पर मंथन किया गया. कार्यकर्ताओं ने सुझाव दिया कि चेयरमैन का चुनाव पार्टी सिंबल पर जबकि पार्षद बिना सिंबल चुनाव लड़ें.
ये भी पढ़ें:मौत हो तो ऐसी... रूपनगर के दविंदर ने मरने के बाद 6 लोगों को दी नई जिंदगी

