होशियारी लाल शर्मा की पुण्यतिथि पर सिरसा पहुंचे राव नरेंद्र सिंह, BJP पर किया हमला, बोले- "गलत नीतियों से जनता परेशान, 2029 में कांग्रेस की वापसी तय"
सिरसा में होशियारी लाल शर्मा की पुण्यतिथि पर राव नरेंद्र पहुंचे. इस दौरान राव ने 2029 में 70+ सीटें जीतने का दावा किया.

Published : August 20, 2026 at 2:35 PM IST
सिरसा: सिरसा के बेगू रोड स्थित रिद्धि-सिद्धि रिजॉर्ट में कांग्रेस नेता स्वर्गीय होशियारी लाल शर्मा की 5वीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान ब्लड डोनेशन कैंप और भजन-कीर्तन का भी आयोजन किया गया. कार्यक्रम में जिलेभर से कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और समर्थक पहुंचे.
राजीव गांधी को किया याद:राव नरेंद्र सिंह ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए उनके कार्यों को याद किया. उन्होंने कहा कि, "पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने देश के लिए कई विकासकारी योजनाएं लागू की थीं. उनके सफल प्रयासों के बाद ही देश में कंप्यूटर क्रांति आई."
BJP की नीतियों पर निशाना: कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने केंद्र और हरियाणा सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए कहा कि, "बीजेपी सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश की जनता परेशान है. HKRN के कारण भी लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है. शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जनता के आक्रोश के चलते इस्तीफा देना पड़ा."
वंदे मातरम विवाद पर पलटवार: वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर भाजपा की ओर से की गई बयानबाजी पर राव नरेंद्र ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कांग्रेस के रुख का बचाव करते हुए भाजपा पर राजनीतिक मुद्दों को लेकर हमला करने का आरोप लगाया. इसके साथ ही हरियाणा कांग्रेस में गुटबाजी को लेकर पूछे गए सवाल पर राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि, "कांग्रेस में कोई लड़ाई नहीं है. कांग्रेस एक परिवार है और परिवार में विचारों में विभिन्नता हो सकती है. मेरी नेताओं को नसीहत है कि वे बयानबाजी से बचें और अनुशासन में रहे."
2029 में 70 से ज्यादा सीटों का दावा: राव नरेंद्र सिंह ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा दावा किया. उन्होंने कहा कि, "साल 2029 के विधानसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस 70 से ज्यादा सीटें जीतकर सरकार बनाएगी. जल्द ही हरियाणा कांग्रेस में एकजुटता आएगी. केंद्र में राहुल गांधी के नेतृत्व में यूपी में भी कांग्रेस की सरकार बनना तय है."
कार्यक्रम में बड़े नेताओं के पहुंचने की संभावना: श्रद्धांजलि समारोह में भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सुरजेवाला के भी पहुंचने की संभावना जताई गई. हर साल आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर में बड़ी संख्या में युवा हिस्सा लेते हैं.

