ETV Bharat / state

भिवानी में गरजे रणदीप सुरजेवाला, बोले- "अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए विनाशकारी"

भिवानी में रणदीप सुरजेवाला ने अमेरिका ट्रेड डील और बजट को किसानों और हरियाणा के लिए विनाशकारी करार दिया.

Surjewala BJP Government Attack
भिवानी में गरजे रणदीप सुरजेवाला (ETV Bharat)
author img

By ETV Bharat Haryana Team

Published : February 9, 2026 at 11:55 AM IST

2 Min Read
Choose ETV Bharat

भिवानी: भिवानी पहुंचे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा.अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील को उन्होंने भारतीय किसानों के लिए घातक करार दिया. साथ ही केंद्रीय बजट को केवल चंद अमीर लोगों के हित में बताया.

शोक कार्यक्रम में पहुंचे थे सुरजेवाला: कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला भिवानी में नगर पार्षद सतेन्द्र मोर के पिता के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे. उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना प्रकट की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. इस दौरान स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक भी मौजूद रहे.

"अमेरिका ट्रेड डील किसानों के लिए विनाशकारी" (ETV Bharat)

हरियाणा को कर्ज में डुबोने का आरोप: वहीं, मीडिया से बातचीत में सुरजेवाला ने कहा कि, "हरियाणा सरकार से आगामी बजट को लेकर किसी को कोई उम्मीद नहीं रखनी चाहिए. भाजपा सरकार ने हरियाणा को कर्ज में डुबोकर नासूर बना दिया है. आज हालात यह है कि सरकार के पास कर्मचारियों की पेंशन, वेतन और विकास कार्यों के लिए भी पैसा नहीं बचा है."

केंद्रीय बजट पर साधा निशाना: रणदीप सुरजेवाला ने केंद्रीय बजट को पूरी तरह निराशाजनक बताया. उन्होंने कहा कि, "इस बजट में न किसानों को कुछ मिला, न युवाओं को रोजगार और न ही आम आदमी को राहत. यह बजट केवल मुट्ठीभर धनाढ्य उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए तैयार किया गया है."

अमेरिका ट्रेड डील से किसानों को खतरा: भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बोलते हुए सुरजेवाला ने कहा कि, "कांग्रेस शासन में अमेरिका भारतीय उत्पादों पर मात्र 3 प्रतिशत टैक्स लगाता था, जबकि अब 18 प्रतिशत तक टैक्स लगाया जाएगा." उन्होंने चेतावनी दी कि इस डील की आड़ में किसानों की सब्सिडी भी खत्म की जा सकती है, जो तीन काले कृषि कानूनों से भी ज्यादा खतरनाक साबित होगी.

ये भी पढ़ें:हरियाणा में कट जाएगी 72 हजार बुजुर्गों की पेंशन!, "बुढ़ापा पेंशन काटने की तैयारी में सैनी सरकार", दीपेंद्र हुड्डा का बीजेपी पर आरोप