स्थापना दिवसः मुख्य समारोह स्थल पुलिस छावनी में तब्दील, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
झारखंड स्थापना दिवस को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

Published : November 14, 2025 at 1:24 PM IST
रांचीः झारखंड स्थापना दिवस को लेकर आधी राजधानी को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है. मोरहाबादी मैदान के आसपास के सभी रास्तों को बैरिकेडिंग कर बंद कर दिया गया. मोरहाबादी मैदान में पूरी तरह से पुलिस का पहरा है. हजारों की संख्या में राज्य स्थापना दिवस में शामिल होने के लिए विभिन्न क्षेत्रों से लोग रांची पहुचेंगे. ऐसे में ट्रैफिक पुलिस की जिम्मेवारी भी बढ़ गई है.
1000 जवानों की तैनाती
झारखंड स्थापना दिवस समारोह को लेकर पूरी राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. 1000 से ज्यादा जवानों को मोरहाबादी मैदान सहित अन्य जगहों पर सुरक्षा के लिए तैनात किया गया है. दिल्ली में हुए विस्फोट की वजह से भी समारोह स्थल की सुरक्षा को बेहद पुख्ता बनाया गया है. पूरे मैदान की निगरानी ड्रोन कैमरे से शुरू कर दी गई है.

वहीं सुरक्षा में रैपिड एक्शन पुलिस, जैप, जिला पुलिस, टियर गैस टीम और फायर ब्रिगेड को भी तैनात किया गया है. गृह सचिव सहित राज्य पुलिस के आला अधिकारी देर रात तक मोरहाबादी मैदान का निरीक्षण करते नजर आए. यहां पर चारों तरफ सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया जा रहा है. मैदान में प्रवेश के लिए जो लोग लाइन में लगे होंगे उनकी जांच भी स्पेशल ब्रांच के द्वारा मेटल डिटेक्टर से की जाएगी.
आईजी कर रहे खुद मॉनिटरिंग
झारखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह को लेकर रांची रेंज के आईजी मनोज कौशिक खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं. रांची रेंज के आईजी के द्वारा पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी का जायजा भी लिया गया है. आईजी मनोज कौशिक ने बताया कि राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था के लिए हर तरह के इंतजाम किए गए हैं. राज्य के लोगों को बेहतर सुरक्षा के बीच स्थापना दिवस के दौरान होने वाले तमाम कार्यक्रमों का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा.

तीन आईपीएस, आधा दर्जन डीएसपी संभालेंगे मोर्चा
15 नवंबर को झारखंड स्थापना दिवस पर आयोजित होने वाले समारोह की सुरक्षा में एक हजार जवानों के अलावा सुरक्षा व्यवस्था की मॉनिटरिंग के लिए रांची में तीन आइपीएस, आधा दर्जन डीएसपी सहित कई अधिकारियों की तैनाती की गई है. वैसे तो मुख्य समारोह रांची के मोरहाबादी मैदान में दोपहर बाद होना है लेकिन मैदान की सुरक्षा को लेकर सुबह 6 बजे से ही जवान मुस्तैद रहेंगे. मोरहाबादी स्थित मुख्य आयोजन स्थल की सुरक्षा तीन लेयर में होगी. इसके अलावा बम निरोधक दस्ता, जैप, एटीएस और झारखंड जगुआर की टीम को भी तैनात किया जा रहा है.
सीसीटीवी से निगरानी
सुरक्षा में किसी भी तरह का व्यवधान उत्पन्न न हो इसे देखते हुए पूरे शहर की निगरानी सीसीटीवी से की जाएगी. साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी. समारोह स्थल में जाने वाले हर वाहन को चेकिंग के बाद ही स्थल तक जाने दिया जाएगा. समारोह स्थल के चारों तरफ सीसीटीवी कैमरा लगाया गया है. साथ ही दो ड्रोन कैमरों का भी इस्तेमाल किया जाएगा. ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से पूरे समारोह की निगरानी की जाएगी. इसके लिए कंट्रोल रूम में आधा दर्जन से अधिक पुलिस अधिकारी की तैनाती की जा रही. उन्हें निर्देश दिया गया है कि वे पल-पल की रिपोर्ट वरिष्ठ अधिकारियों को देंगे.
मेटल डिटेक्टर से होगी जांच
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने वालों की मेटल डिटेक्टर से जांच होगी इसके लिए प्रवेश मार्ग पर मेटल डिटेक्टर लगाए गए हैं. इसके अलावा मेटल स्कैनर से भी जांच की जाएगी. पूरी तलाशी के बाद ही लोगों को कार्यक्रम स्थल तक प्रवेश करने दिया जाएगा.
इसे भी पढ़ें-
झारखंड स्थापना दिवस के दिन घर से निकलने से पहले चेक कर लें ट्रैफिक रूट, उठानी पड़ सकती है परेशानी!
झारखंड राज्य के 25 सालः स्थापना दिवस पर मोरहाबादी मैदान में भव्य समारोह
झारखंड के 25 साल: स्वास्थ्य के क्षेत्र में रफ्तार धीमी, काफी सुधार की जरूरत

