ETV Bharat / state

रांची सदर अस्पताल के न्यूरो सर्जरी टीम का बड़ा कारनामा, सर्वाइकल ट्यूमर का किया सफल ऑपरेशन

रांची सदर अस्पताल में चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल सर्जरी कर बड़ा ट्यूमर मरीज के शरीर से सफलतापूर्वक निकाला है.

SUCCESSFUL TUMOR SURGERY IN RANCHI
ऑपरेशन की बाद डॉक्टरों की टीम (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 21, 2026 at 1:13 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: जटिल ऑपेरशन को सफलतापूर्वक करने में लगातार नाम रौशन करने वाले रांची सदर अस्पताल ने आज फिर एक महत्वपूर्ण सफलता अपने नाम की है. युवा न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने एक अत्यंत जटिल सर्जरी कर 54 वर्षीय मरीज के गर्दन-पीठ (सर्वाइको-डॉर्सल) क्षेत्र में पिछले 17 वर्षों से बढ़ रहे करीब 05 किलोग्राम वजनी विशाल ट्यूमर को सफलतापूर्वक निकाल दिया.

लगातार बढ़ रहा था ट्यूमर का आकार- डॉ. विकास कुमार

न्यूरोसर्जन डॉ. विकास कुमार ने बताया कि 54 वर्षीय इस मरीज को लंबे समय से ट्यूमर की वजह से भारीपन, दर्द तथा सामान्य गतिविधियों में गंभीर कठिनाई हो रही थी. ट्यूमर का आकार इतना बड़ा हो चुका था कि मरीज को अब सिर झुकाने, बैठने और सोने में भी दिक्कत होने लगी थी. उन्होंने बताया कि यह मामला अत्यंत जटिल था. मरीज पहले कई बड़े अस्पतालों में दिखा चुका था, जहां सर्जरी के उच्च जोखिम और जटिलता के कारण उसे निराशा हाथ लगी थी. अंत में वह बहुत उम्मीद और आशा के साथ सदर अस्पताल, रांची पहुंचा था जहां के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने चुनौती स्वीकार की और ऑपरेशन कर डाला.

पूर्ण रूप से निकाला गया ट्यूमर

डॉ. विकास के नेतृत्व में सर्जिकल टीम ने अत्यंत सावधानी, उन्नत तकनीक तथा सूक्ष्म योजना के साथ लंबे और जटिल ऑपरेशन द्वारा ट्यूमर को पूर्ण रूप से निकाल दिया. सर्जरी के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, महत्वपूर्ण नसों व मांसपेशियों की सुरक्षा तथा त्वचा पुनर्निर्माण जैसी चुनौतियां भी सफलतापूर्वक संभाली गईं. एनेस्थीसिया टीम में डॉ. नीरज, डॉ. वसुंधा, डॉ. ज्योतिका तथा डॉ. अंचल शामिल थीं, वहीं ऑपरेशन थिएटर स्टाफ में संजू, नूर, मंटू तथा सरिता सुरेश ने महत्वपूर्ण सहयोग दिया.

सर्जरी के बाद मरीज तेजी से हो रहा स्वस्थ

सदर अस्पताल की इस सफलता पर उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने कहा कि 'यह सर्जरी सरकारी अस्पताल में उपलब्ध उन्नत चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की क्षमता का प्रमाण है. ऐसे जटिल ऑपरेशन अब सदर अस्पताल में सफलतापूर्वक किए जा रहे हैं.' वहीं रांची सिविल सर्जन, डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि 'सदर अस्पताल रांची लगातार उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है. यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व की बात है और आम जनता को भरोसा दिलाती है कि गंभीर और जटिल बीमारियों का इलाज सरकारी अस्पतालों में भी संभव है.'

ये भी पढ़ें-

रिम्स में जटिल ऑपरेशन कर युवती को दिया नया जीवन, डॉक्टरों ने सिर और गर्दन के बीच से निकाला तीन किलो का ट्यूमर

रिम्स ने रचा इतिहास, बेहद जटिल ऑपरेशन कर मरीज की बचाई जान, सीएम- स्वास्थ्य मंत्री ने दी शुभकामनाएं

रिम्स के डॉक्टरों का कमाल, युवक के सिर में लगी थी दो गोली, सात घंटे ऑपरेशन कर डॉक्टरों ने बचाई जान