रांची पुलिस ने घर से भागे बच्चों को सकुशल बरामद किया, इस वजह से छोड़ा था घर
रांची पुलिस ने घर से भागे तीन बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है.

Published : May 27, 2026 at 4:13 PM IST
रांची: प्रदेश से बच्चों के गायब होने के मामलों को लेकर रांची पुलिस बेहद परेशान है. हाल के तीन मामलों को लेकर पुलिस को भारी फजीहत भी झेलनी पड़ी थी, लेकिन जब गायब बच्चे बरामद हो रहे हैं तो कहानी कुछ और ही सामने आ रही है. रांची के धुर्वा से गायब भाई-बहन और कोकर से गायब एक नबालिग को पुलिस ने बरामद किया है.
गायब सगे भाई बहन बरामद
रांची के धुर्वा स्थित पटेल नगर की रहने वाली 10 साल की रोशनी कुमारी और 6 साल के युवांश महतो को रांची पुलिस ने हटिया इलाके से बरामद किया है. दोनों बहन-भाई सोमवार दोपहर घर से निकले थे. इसके बाद से उनका कुछ पता नहीं चल रहा था. इस संबंध में उनके पिता चिरंजीव महतो ने जगन्नाथपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.
मां के डांटते ही घर से भागे भाई-बहन
दोनों बच्चों के पिता चिरंजीव महतो ने पुलिस को बताया कि सोमवार को दोनों बच्चे घर के बाहर धूप में खेल रहे थे, उनकी मां ने दोनों को धूप में खेलने से मना किया था लेकिन वे नहीं माने. जिसके बाद मां ने दोनों को डांटा और कुछ देर बाद दोनों बच्चे गुस्सा होकर घर से बाहर निकल गए.
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि दोनों बच्चे परिजनों की बात से नाराज होकर घर से निकल गए थे हालांकि दोनों को सुरक्षित बरामद कर लिया गया है.
ऑनलाइन गेम के चक्कर में भागा था नाबालिग
दूसरी ओर रांची से लापता 15 वर्षीय आशविन आनंद को भी रांची पुलिस ने टेक्निकल टीम की मदद से नई दिल्ली से सकुशल बरामद किया है. बताया जा रहा है कि नाबालिग, ऑनलाइन गेम में काफी पैसा हार चुका था, जिसकी वजह से वह तनाव में था और इसी कारण वह बिना किसी को बताए घर छोड़कर निकल गया था.
पुलिस ने नाबालिग को नई दिल्ली से ढूंढ निकाला
24 मई को आशविन आनंद अचानक घर से लापता हो गया. काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं मिला, तब परिजनों ने रांची के सदर थाना में लिखित शिकायत देकर प्राथमिकी दर्ज कराई. मामले को गंभीरता से लेते हुए सदर थाना पुलिस ने तकनीकी जांच शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को युवक के नई दिल्ली में होने की जानकारी मिली. जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उसे सकुशल बरामद कर लिया.
आनंद को दिल्ली से वापस लाया जा रहा है: थाना प्रभारी, सदर
ये भी पढ़ें- सात साल के बच्चे की फिरौती के लिए हत्या, चाचा से पूछताछ कर रही पुलिस
चार दिनों से लापता बालक का मिला शव, नाराज ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
कोडरमा से लापता 10 बिरहोर बच्चे सकुशल बरामद, एक सप्ताह पहले हुए थे लापता

