पति संग मिलकर प्रेमी की हत्या, रांची में शादीशुदा प्रेमिका ने रची खौफनाक साजिश, तीन आरोपी गिरफ्तार
रांची में हत्या के एक सनसनीखेज मामले का पुलिस ने उद्भेदन किया है. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

Published : May 6, 2026 at 3:08 PM IST
रांची: जिले के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में हुई कमलेश सिंह हत्या मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस के अनुसार अवैध संबंध की वजह से इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया था. हत्या की साजिश कमलेश की प्रेमिका के द्वारा ही रची गई थी. मामले में प्रेमिका सहित तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.
रांची के टाटीसिलवे थाना क्षेत्र में पिछले सप्ताह कमलेश सिंह की हत्या हुई थी. कमलेश के हत्या की पूरी साजिश उसकी शादीशुदा प्रेमिका आगिता के द्वारा रची गई थी. आगिता ने अपने पति और उसके एक कर्मचारी के साथ मिलकर कमलेश की हत्या करा दी थी.
प्रेमी ने शादी कर ली तो मरवा डाला
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि आगिता पहले से शादीशुदा थी, लेकिन इसके बावजूद उसका अवैध संबंध कमलेश से कायम हो गया था. इसी बीच कमलेश जो बिहार के नवादा का रहने वाला था उसकी शादी हो गई. जबकि आगिता यह चाहती थी कि कमलेश शादी न करे और उसका संबंध कमलेश से चलता रहे. कमलेश की शादी से नाराज होकर आगिता ने एक खौफनाक साजिश रची.
आगिता ने अपने पति को बताया कि कमलेश नाम का एक लड़का उसके साथ गलत करने की अक्सर कोशिश करता है. यहां पर आगिता ने अपने पति से कमलेश के साथ अपने अवैध संबंध की बात को छुपा लिया. आगिता के पति को लगा कि कमलेश उसकी घर की इज्जत से खेल रहा है. आगिता के बहकावे में आकर उसने कमलेश के मर्डर का प्लान बना लिया.
नशा देकर बेसुध किया फिर गला दबाकर मार डाला
साजिश के तहत आगिता ने कमलेश को अपने पास बुलाया और उसे नशा देकर बेसुध कर दिया. नशे की हालात में ही आगिता के पति शिवनाथ कुमार सिंह ने गला दबाकर कमलेश की हत्या कर दी. ग्रामीण एसपी ने बताया की अभियुक्तों ने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है.
हत्या को सड़क दुर्घटना का रूप देने की कोशिश
पुलिस की पूछताछ में आरोपी शिवनाथ कुमार सिंह और आगिता देवी द्वारा बताया गया कि कमलेश कुमार की हत्या जानुम हाहे स्थिति अपने घर पर करने के पश्चात शव को टाटीसिलवे थाना क्षेत्र के रिंग रोड मानकीढीपा के पास हाइवा वाहन से ले जाया गया और हत्याकांड को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए शव को सड़क के किनारे फेंक दिया गया. साथ ही शव पर हाइवा का अगला पहिया चढ़ा दिया गया.
ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने बताया कि इस हत्याकांड का तीसरा आरोपी साहिल शिवनाथ सिंह का खलासी है. उसने शव को ठिकाने लगाने में शिवनाथ और आगिता देवी की मदद की थी. हत्या के दिन कमलेश सिंह के शव को देखकर ऐसा लगा था कि उसके प्राइवेट पार्ट को भी काटा गया है, लेकिन ग्रामीण एसपी ने बताया कि शव को जमीन पर घसीटने की वजह से प्राइवेट पार्ट को नुकसान पहुंचा था.
गिरफ्तार अभियुक्त का नाम पता
- शिवनाथ कुमार सिंह, उम्र 33 वर्ष
- अगिता देवी, उम्र 28 वर्ष, पति शिवनाथ कुमार सिंह, दोनों का स्थायी पता-अरांगी, थाना घाघरा, जिला गुमला, वर्तमान पता-हाहे, थाना अनगड़ा, जिला रांची.
- साहिल राजा उम्र 19 वर्ष, ग्राम चिरी, थाना कुडू, जिला लोहरदगा.
बरामद सामान का विवरण
- एक हाइवा ट्रक -(नंबर-JH02BX-93962)
- एक स्कूटी (नंबर-JH0IDT-75993)
- तीन मोबाइल फोन
ये भी पढ़ें-
पारिवारिक कलह में दी दर्दनाक मौत, पत्नी और साला ही निकला कातिल, पुलिस ने किया गिरफ्तार
पति ने सुपारी देकर कराई थी पत्नी की हत्या, ससुर भी था साजिश में शामिल, तीन आरोपी गिरफ्तार
आदमी का दूसरी औरत से था चक्कर, पति-पत्नी ने मिलकर हटाया रास्ते का कांटा! जानें, क्या है माजरा

