ETV Bharat / state

रांची पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, मोटरसाइकिल चोर गिरोह के 8 सदस्य गिरफ्तार, चोरी की 10 भी बाइक बरामद

रांची पुलिस ने बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 8 आरोपियों समेत चोरी की 10 बाइक बरामद की है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Ranchi Police recovered 10 stolen bikes
बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 26, 2026 at 7:09 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: राजधानी रांची में मोटरसाइकिल चोरी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह से जुड़े आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं.

चोरी के बाद बदल देते थे नंबर प्लेट

रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि गिरोह के सदस्य अलग-अलग इलाकों से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उनके नंबर प्लेट और चेसिस से छेड़छाड़ कर ग्रामीण क्षेत्रों में बेचने का काम करते थे. पुलिस के अनुसार, धुर्वा थाना पुलिस स्वर्णरेखा नदी पुल के पास धुर्वा-सिदो-कान्हू मार्ग पर वाहन चेकिंग कर रही थी. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की. पुलिस और सशस्त्र बल की मदद से उन्हें पकड़ लिया गया.

बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश (Etv Bharat)

पूछताछ में चला संगठित गिरोह का पता

पकड़े गए तीन लोगों और मोटरसाइकिल की जांच करने पर वाहन के चोरी का होने की जानकारी सामने आई. पूछताछ में पुलिस को पता चला कि पकड़े गए आरोपी अकेले चोरी की वारदात नहीं करते थे बल्कि एक संगठित गिरोह के रूप में मोटरसाइकिल चोरी और उसकी खरीद-बिक्री का काम करते थे.

गिरोह के सदस्य विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करने के बाद उनके नंबर प्लेट बदल देते थे और ग्रामीण इलाकों में उन्हें बेच देते थे. पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के दूसरे सदस्यों तक पहुंची, उन्हें गिरफ्तार किया और उनकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की.

डीएसपी के नेतृत्व में बनी टीम

सिटी एसपी ने बताया कि तीन आपरधियों के गिरफ्तार होने के बाद, यह सूचना मिली कि गैंग बड़ा है, जिसके बाद हटिया डीएसपी के नेतृत्व में विभिन्न थानों के पुलिस पदाधिकारियों को शामिल कर विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की.

गिरफ्तार आरोपियों में कई पर पहले से मामले दर्ज

गिरफ्तार आरोपियों में भरत बैठा सबसे शातिर है, पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, उसके खिलाफ कोतवाली, चुटिया, धुर्वा, बालूमाथ, कुरू, नामकुम और जगन्नाथपुर थानों में चोरी, छिनतई समेत अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं. जगन्नाथपुर थाना में उसके खिलाफ 2025 में भी कई मामले दर्ज हैं. दूसरा आरोपी सुनील करमाली है, जिसके खिलाफ खलारी थाना में मामला दर्ज है. तीसरा आरोपी रोहित उरांव है, उसके खिलाफ बालूमाथ, धुर्वा और नामकुम थानों में मामले दर्ज हैं. इसके अलावा पुलिस ने रोहित कुमार मुंडा, प्रदीप उरांव, संजय गंजू ,सरजू मुंडा और सुमित उरांव को भी गिरफ्तार किया है.

10 मोटरसाइकिल बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर कुल 10 मोटरसाइकिल जब्त की हैं. इनमें कुछ वाहनों के नंबर प्लेट पर झारखंड के अलग-अलग जिलों के पंजीकरण नंबर अंकित हैं. पुलिस अब बरामद सभी वाहनों के वास्तविक मालिकों और उनसे जुड़े चोरी के मामलों की जानकारी जुटा रही है. वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर भी सत्यापन किया जा रहा है.

ये भी पढ़ें- रामगढ़ में बाइक चोरी के नेटवर्क का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार, सात वाहन जब्त

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, सरगना गिरफ्तार, पांच बाइक बरामद

साप्ताहिक हाट में एक साथ पहुंचे तीन बाइक चोर, घेराबंदी कर पुलिस ने तीनों को दबोचा