ETV Bharat / state

ईद मिलादुन्नबी को लेकर रांची पुलिस अलर्ट, शहर में निकाला गया फ्लैग मार्च, ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव

ईद मिलादुन्नबी को लेकर रांची पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला. साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है. प्रशांत कुमार की रिपोर्ट.

Ranchi police during flag march
फ्लैग मार्च के दौरान रांची पुलिस (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : August 25, 2026 at 8:32 PM IST

4 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: ईद मिलादुन्नबी को लेकर रांची पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता किया है. इसी क्रम में मंगलवार को रांची के विभिन्न इलाकों में पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में फ्लैग मार्च निकाला गया.

कई इलाकों में फ्लैग मार्च

फ्लैग मार्च की शुरुआत अल्बर्ट एक्का चौक से हुई. पुलिस टीम मेन रोड होते हुए डोरंडा, कर्बला चौक समेत शहर के कई संवेदनशील और प्रमुख इलाकों से गुजरा. इस दौरान लोगों को सुरक्षा व्यवस्था का भरोसा दिलाने के साथ-साथ पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

फ्लैग मार्च में एसडीएम, सिटी एसपी, डीएसपी समेत पुलिस और प्रशासन के कई अधिकारी शामिल रहे. रांची सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि जुलूस रूट पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया है और संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं. संवेदनशील जगहों पर अतिरिक्त बल की तैनाती और भीड़ को नियंत्रित करने की रणनीति पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है.

जुलूस के दौरान रहेगी विशेष निगरानी

ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज के लोग विभिन्न इलाकों से जुलूस निकालते हैं. जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में लोगों के सड़क पर आने की संभावना रहती है, जिसे देखते हुए पुलिस ने पहले से ही रूट और भीड़ प्रबंधन को लेकर तैयारी की है. जुलूस के निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को भी व्यवस्थित रखने की तैयारी की गई है.

कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

ईद मिलादुन्नबी के मौके पर 26 अगस्त को रांची शहर में जुलूस निकाला जाएगा. जुलूस के दौरान शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों के प्रवेश और परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है. इस संबंध में ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने निर्देश जारी किए हैं.

क्या है ट्रैफिक प्लान

सूचना के अनुसार, 26 अगस्त को दोपहर 12 बजे से जुलूस के समाप्त होने तक कांटाटोली चौक, राजेंद्र चौक, बिग बाजार चौक, सुजाता चौक, रतन पीपीओ, उल्ल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, सर्जना चौक और फिरायालाल चौक समेत संबंधित मार्गों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव रहेगा.

भारी मालवाहक वाहनों के प्रवेश पर रोक

ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, 26 अगस्त की सुबह 6 बजे से रात 12 बजे तक भारी मालवाहक वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा. ऐसे वाहन रिंग रोड होकर अपने गंतव्य तक जा सकेंगे. इसके अलावा नो-एंट्री के समय में भी जरूरत के हिसाब से बदलाव किया जा सकता है. इन मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहन, ऑटो-टोटो और सवारी वाहनों का परिचालन रहेगा बंद

वहीं जुलूस को देखते हुए निम्न मार्गों पर छोटे-बड़े मालवाहक वाहनों, ऑटो, टोटो और सवारी वाहनों का प्रवेश एवं परिचालन दोपहर 12 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रतिबंधित रहेगा.

  • सर्जना चौक से राजेंद्र चौक (भाया-उल हाउस, उर्दू लाइब्रेरी, रतन पीपीओ, सुजाता चौक, बिग बाजार चौक)
  • कांटाटोली से पत्थलकुदवा चौक (भाया-कुम्हार टोली, नया टोली)
  • लालपुर चौक से मिशन चौक
  • मिशन चौक से करबला चौक
  • करबला चौक से काली मंदिर/उल हाउस की ओर आने वाली सड़क

लोगों से खास परिस्थितियों में ही फोर व्हीलर चलाने की अपील

पुलिस ने रांची शहर के नागरिकों से अपील की है कि जुलूस और यातायात व्यवस्था को देखते हुए विशेष परिस्थिति में ही चारपहिया वाहनों का इस्तेमाल करें. लोगों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.

ये भी पढ़ें- रथ यात्रा 2026: रांची में 16 से 25 जुलाई तक बदलेगी ट्रैफिक व्यवस्था

रामनवमी को लेकर रांची में ट्रैफिक प्लान जारी, तीन दिनों तक रहेगी विशेष व्यवस्था

दुर्गा पूजा को लेकर रांची की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव, भारी वाहनों के लिए गाइडलाइन जारी