भाई-बहन की तलाश में रांची पुलिस ने शुरू किया हाउस सर्च अभियान, डीएसपी ने संभाला मोर्चा
रांची पुलिस ने भाई बहन की तलाश के लिए हाउस सर्च अभियान शुरू किया है.

Published : January 6, 2026 at 4:31 PM IST
रांची: राजधानी के धुर्वा इलाके से 2 जनवरी से गायब दो मासूम बच्चों को खोजने के लिए रांची पुलिस ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है. पुलिस की तरफ से 51 हजार पुरस्कार राशि की घोषणा भी की गई है लेकिन बच्चों का अभी तक कोई सुहाग नहीं मिला है. अब दोनों बच्चों को खोज निकालने के लिए रांची पुलिस ने हाउस सर्च अभियान शुरू किया है.
दो जनवरी से गायब हैं दोनों बच्चे
दरअसल, रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता दो मासूम भाई-बहन अंश (5 साल) और अंशिका (4 साल) का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है. पुलिस ने अब दोनों बच्चों को खोज निकालने के लिए इलाके में हाउस सर्च अभियान शुरू किया है. हटिया डीएसपी प्रमोद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस की एक बड़ी टीम धुर्वा इलाके में सर्च अभियान चला रही है.
पुलिस ने आसपास के इलाकों का जायजा लिया
हटिया डीएसपी खुद अपनी टीम के साथ एक-एक घर की तलाशी ले रहे हैं. बच्चों के बारे में लोगों से पूछताछ की जा रही है. मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के सीनियर एसपी राकेश रंजन, खुद मंगलवार को गायब बच्चों के घर पहुंचे और आसपास के इलाकों का जायजा लिया. साथी ही साथ फोर्स को यह निर्देश दिया है कि जल्द से जल्द बच्चों को खोजने का काम पूरा किया जाए.
उठ रहे सवाल
घटना के चार दिन बीत चुके हैं लेकिन बच्चों की तलाश में पुलिस की तमाम कोशिशें अभी तक बेनतीजा साबित हो रही हैं. इसके चलते मामले को लेकर कई सवाल भी उठने लगे हैं. इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. आसपास के घरों की तलाशी के साथ ही स्थानीय लोगों से गहनता से पूछताछ की गई है लेकिन सफलता नही मिली है.

बच्चों की तलाश के लिए पुलिस पूरी शिद्दत से काम कर रही है. इस मामले की गहन जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है, जिसमें ग्रामीण एसपी और सीटी एसपी के नेतृत्व में डीएसपी, इंस्पेक्टर और तकनीकी सेल की टीम को भी शामिल किया गया है ताकि हर संभावित पहलू की जांच की जा सके. -राकेश रंजन, एसएसपी.
वहीं, बच्चों के पिता सुनील कुमार ने बताया कि उनके बच्चों का अब तक कोई पता नहीं चला है, जिससे पूरा परिवार बेहद परेशान है. उन्होंने कहा कि परिवार की किसी से कोई दुश्मनी या विवाद नहीं है. हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि शुरुआती दौर में पुलिस की तत्परता वह नहीं दिखी थी, जो आज दिखाई दे रही है.
आंदोलन भी शुरू
दूसरी तरफ धुर्वा इलाके में गायब बच्चों को लेकर शांतिपूर्ण आंदोलन भी शुरू कर दिया गया है. दर्जनों की संख्या में लोग गायब बच्चों को जल्द से जल्द से कुशल वापसी को लेकर धरने पर बैठ गए हैं.
इनाम की घोषणा
रहस्मय तरीके से गायब दो मासूम भाई-बहन की खोज में रांची पुलिस का पूरा महकमा लगा हुआ है लेकिन इसके बावजूद चार दिन बीत जाने के बाद भी दोनों बच्चों का कोई सुराग तक हासिल नहीं हो पाया है. रांची पुलिस ने बच्चों को खोज निकालने के लिए इनाम की राशि की घोषणा भी कर दी है. बच्चों का पता बताने वाले को 51 हजार की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी. बच्चों की तस्वीर और पुरस्कार राशि के साथ रांची के विभिन्न इलाकों में पोस्टर चस्पा किए गए है.
ये भी पढ़ें- लापता भाई-बहन का पता बताने वाले को मिलेगा पुरस्कार, पुलिस ने जारी किया पोस्टर
रहस्मय तरीके से लापता हुए दो मासूम, घर से बिस्किट खरीदने निकले थे भाई-बहन!
दीपावली पर बहन को लाने गया भाई, कार ने बाइक को मारी टक्कर, तीन की मौत

