रांची में ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, सासाराम से सप्लाई का खुलासा
रांची पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ चल रहे अभियान में एक और सफलता हासिल करते हुए तीन ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है.

Published : January 16, 2026 at 11:46 AM IST
रांचीः मादक पदार्थों के खिलाफ रांची पुलिस के द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बार फिर से पुलिस को सफलता हाथ लगी है. रांची के गोंदा इलाके से पुलिस ने तीन ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार किया है.
ब्राउन शुगर भी हुआ जब्त
गोंदा थाना पुलिस ने छापेमारी कर 24.30 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार किया है. इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी भी जब्त कर ली गई है. रांची एसएसपी राकेश रंजन ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ युवक मादक पदार्थों की खेप लेकर इलाके में घूम रहे हैं. इस सूचना पर थाना प्रभारी गोंदा के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम ने गोंदा क्षेत्र में वाहन जांच अभियान तेज कर दी है. इसी क्रम में एक संदिग्ध स्कूटी को रोका गया, जिसमें सवार तीनों युवकों को पहले हिरासत में लिया गया और जब तीनों की तलाशी ली गई तो उनके पास से 24.30 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद हुई, जो प्लास्टिक पाउच में पैक थी.
गिरफ्तार युवकों का सासाराम कनेक्शन
प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार युवक बिहार के सासाराम जिले से ब्राउन शुगर की खेप लेकर रांची पहुंचे थे उनका उद्देश्य स्थानीय स्तर पर इसकी सप्लाई शुरू करना था. युवकों की पहचान अमित कुमार (24), राजू पासवान (22) और संतोष यादव (25) के रूप में हुई है. तीनों रांची के विभिन्न इलाकों में डेरा डाले हुए थे और छोटे-मोटे सप्लायरों से संपर्क कर रहे थे. पुलिस अब इनके बड़े नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है, जिसमें सासाराम के संभावित सोर्स और रांची के वितरकों की भूमिका शामिल हो सकती है.
मादक पदार्थों का कारोबार न केवल युवाओं को बर्बाद कर रहा है, बल्कि समाज में अपराध की जड़ें भी मजबूत कर रहा है. हमारा अभियान 'नशा मुक्त झारखंड' के तहत लगातार जारी रहेगा. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने तीनों के मोबाइल फोन, अन्य सामान जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए हैं. पूछताछ में और सुराग मिलने पर अन्य संलिप्त लोगों को भी गिरफ्तार किया जा सकता है- राकेश रंजन, एसएसपी रांची
ये भी पढ़ें:
नशे के विरुद्ध चतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्राउन शुगर के साथ पांच तस्कर गिरफ्तार
बरकाकाना स्टेशन पर आरपीएफ की बड़ी कार्रवाई, शक्तिपुंज एक्सप्रेस से 40 लाख का गांजा बरामद
नशे के विरुद्ध कोडरमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ब्रॉउन शुगर के साथ 4 तस्कर गिरफ्तार

