रांची में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अपराधियों की धरपकड़, एक ही रात में 30 से ज्यादा भेजे गए हवालात
रांची पुलिस ने एक ही रात में 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत कई अपराधियों को पकड़ा.

Published : May 27, 2026 at 3:31 PM IST
रांची: राजधानी में आपराधिक घटनाओं पर नकेल कसने के लिए रांची पुलिस के द्वारा ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है. ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की ओर से पिछले 24 घंटे में 30 से ज्यादा अपराधी गिरफ्तार किए जा चुके हैं. साथ ही साथ 135 से अधिक लंबित वारंट का निष्पादन भी कर दिया गया है.
गिरफ्तारी अभियान के तहत पकड़े गए अपराधी
सीनियर एसपी राकेश रंजन ने बताया कि 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत अपराध नियंत्रण, वारंट निष्पादन और संगठित अपराध पर शिकंजा कसने की विशेष रणनीति बनाई गई है, जिसे बीच-बीच में निश्चित समयावधि पर दोबारा एक्टिव कर देर रात तक चलाई जाती है.
ऑपरेशन प्रहार के दूसरे चरण में रांची पुलिस की विभिन्न टीमों ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दबिश देकर फरार अपराधियों, वारंटियों और संदिग्धों को धर दबोचा है. कई आरोपी ऐसे भी पकड़े गए है, जो लंबे समय से पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहे थे. अभियान में जिले के सभी एसपी, उपाधीक्षक, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे.
रातभर चली दबिश
सिटी एसपी पारस राणा और ग्रामीण एसपी की अगुवाई में रांची में चलाए गए 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत गंभीर मामलों में फरार चल रहे 30 से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए रांची पुलिस की एक बड़ी टीम पिछले 24 घंटे से काम कर रही थी.
पहले चरण में 100 से ज्यादा गिरफ्तार हुए थे अपराधी
इससे पहले 'ऑपरेशन प्रहार' के पहले चरण में रांची पुलिस द्वारा 100 से ज्यादा अपराधियों को गिरफ्तार किया गया था. साथ ही 220 से अधिक लंबित वारंटों का निष्पादन किया गया था. अपराधियों के खिलाफ रांची पुलिस की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई में से एक है.
ये भी पढ़ें- रांची को जाम और अतिक्रमण से मुक्त करने के लिए सख्त अभियान, प्रशासन ने लिए कई बड़े फैसले
लातेहार में अफीम की खेती के खिलाफ अभियान जारी, 15 एकड़ में लगी फसल को पुलिस ने किया नष्ट

