ETV Bharat / state

मानकों का पालन नहीं करने वाले 5 कोचिंग संस्थान सील, 18 पर कार्रवाई की प्रक्रिया जारी

छात्रों की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई करते हुए रांची नगर निगम ने पांच कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

COACHING INSTITUTES
इंफोर्समेंट टीम मेंबर्स (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : September 2, 2026 at 8:57 PM IST

|

Updated : September 2, 2026 at 9:05 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: विद्यार्थियों की सुरक्षा और कोचिंग संस्थानों में निर्धारित मानकों के अनुपालन को लेकर रांची नगर निगम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की है. विशेष जांच अभियान के दौरान हरिओम टावर में संचालित पांच कोचिंग संस्थानों को नियमों का पालन नहीं करने पर सील कर दिया गया. नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि विद्यार्थियों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा.

सुरक्षा से जुड़े कई मानकों का निरीक्षण

नगर निगम क्षेत्र में संचालित कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी की लगातार जांच की जा रही है. जांच के दौरान भवन उपविधियों और सुरक्षा से जुड़े कई मानकों का निरीक्षण किया जा रहा है. इनमें फायर एनओसी, अग्निशमन उपकरण और अग्नि सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, पर्याप्त वेंटिलेशन, सुरक्षित प्रवेश-निकास, निर्धारित क्षमता के अनुरूप नामांकन, पर्याप्त स्थान और वैध ट्रेड लाइसेंस समेत अन्य आवश्यक प्रावधान शामिल हैं.

COACHING INSTITUTES
कोचिंग संस्थान सील करते कर्मचारी (Etv Bharat)

कुछ संस्थान बिना लाइसेंस के चल रहे थे

जांच के दौरान, पांच कोचिंग संस्थानों में मानकों के पालन को लेकर गंभीर कमियां और अनियमितताएं पाई गईं. इसके अलावा, यह देखा गया कि संबंधित संस्थान झारखंड म्युनिसिपल एक्ट, 2011 की धारा 455 और 600, और झारखंड म्युनिसिपल ट्रेड लाइसेंस नियम, 2017 की धारा 19 और 20 के प्रावधानों का पालन करने में विफल रहे. कुछ संस्थान वैध ट्रेड लाइसेंस के बिना चल रहे थे.

COACHING INSTITUTES
कोचिंग संस्थान पर लगा ताला (Etv Bharat)

सीलिंग की कार्रवाई शुरू

नगर निगम की राजस्व शाखा और नगर निवेशक शाखा की ओर से अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी किया गया था. नोटिस के जरिए निर्धारित मानकों और कानूनी प्रावधानों का पालन करने के लिए तीन दिन का समय दिया गया. निर्धारित अवधि समाप्त होने के बावजूद नियमों का अनुपालन नहीं किए जाने पर नगर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई शुरू की.

COACHING INSTITUTES
अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, रांची नगर निगम (Etv Bharat)

पांच संस्थान सील

नगर निगम के अनुसार, वर्तमान में कुल 18 कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सीलिंग की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई. इनमें से बुधवार को पांच संस्थानों को सील किया गया, जबकि शेष चिन्हित संस्थानों के खिलाफ भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत कार्रवाई जारी है.

नगर निगम ने कहा कि जांच का उद्देश्य केवल कार्रवाई करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, मानक और नियमों के अनुरूप शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित करना है. विशेष रूप से फायर सेफ्टी, विद्युत सुरक्षा, प्रवेश-निकास, वेंटिलेशन और भवन संबंधी मानकों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा.

COACHING INSTITUTES
रांची नगर निगम (Etv Bharat)

बिजली व्यवस्था पर भी निगम की समीक्षा

आगामी पर्व-त्योहार और मानसून को देखते हुए नगर निगम ने शहर की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था की भी समीक्षा की. अपर नगर आयुक्त संजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी 53 वार्डों में सक्रिय 28 टीमों को खराब स्ट्रीट लाइट की पहचान कर प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत करने और जरूरत वाले स्थानों पर नई लाइट लगाने का निर्देश दिया गया. निगम के कनेक्ट सेंटर पर हर माह एक हजार से अधिक खराब स्ट्रीट लाइट की शिकायतें मिलती हैं, जिन्हें 48 घंटे के भीतर दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है.

इसे भी पढे़ंः

सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद रांची नगर निगम की सख्ती, कोचिंग संस्थानों और अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई

रांची नगर निगम बोर्ड की बैठक में 17 एजेंडों पर बनी सहमति, बकरी बाजार मल्टी कॉम्प्लेक्स को हरी झंडी

खतरे में बच्चों की जान! बिना फायर सेफ्टी के चल रहे हैं कोचिंग संस्थान, डीसी ने की ऑडिट कराने की अपील

Last Updated : September 2, 2026 at 9:05 PM IST