रांची नगर निगम ने वसूले 48 करोड़ रुपये, 88 हजार से अधिक करदाताओं ने भरा होल्डिंग टैक्स
रांची नगर निगम पहले तिमाही में होल्डिंग टैक्स से नागरिकों से 48.02 करोड़ रुपये कलेक्ट किए हैं. 88 हजार करदाताओं ने होल्डिंग टैक्स भरा. चंदन भट्टाचार्य की रिपोर्ट.

Published : July 1, 2026 at 10:03 AM IST
रांची: वित्तीय वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में रांची नगर निगम ने संपत्ति कर (होल्डिंग टैक्स) संग्रहण में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है. एक अप्रैल से 30 जून 2026 तक निगम ने 48 करोड़ 2 लाख 39 हजार 390 रुपये का संपत्ति कर संग्रह किया. यह राशि 88 हजार 675 करदाताओं से प्राप्त हुई. 30 जून तक एकमुश्त होल्डिंग टैक्स जमा करने पर नियमावली के तहत अधिकतम 10 प्रतिशत की विशेष छूट का लाभ दिए जाने के कारण बड़ी संख्या में लोगों ने समय रहते कर का भुगतान किया.
नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार, कर भुगतान में डिजिटल माध्यमों की हिस्सेदारी लगातार बढ़ रही है. पहली तिमाही में 27 हजार 267 करदाताओं ने ऑनलाइन माध्यम से 17 करोड़ 35 लाख 27 हजार 959 रुपये जमा किए. वहीं, निगम मुख्यालय और डोरंडा अंचल स्थित जन सुविधा केंद्रों के माध्यम से 11 हजार 525 करदाताओं ने 5 करोड़ 44 लाख 80 हजार 144 रुपये का भुगतान किया. इसके अलावा अन्य माध्यमों से प्राप्त राशि को मिलाकर कुल संग्रह 48.02 करोड़ रुपये तक पहुंचा.
प्राप्त राजस्व शहर में नागरिक सुविधा में आएगा काम
नगर निगम का कहना है कि संपत्ति कर से प्राप्त राजस्व का उपयोग शहर में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छता, व्यवस्था और अन्य आधारभूत नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने में किया जाएगा. निगम ने समय पर कर जमा करने वाले सभी करदाताओं का आभार जताते हुए अन्य नागरिकों से भी समय पर कर भुगतान करने की अपील की है.
नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने कहा, रांची के नागरिकों ने समय पर होल्डिंग टैक्स जमा कर शहर के विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी का परिचय दिया है. इसके लिए सभी करदाताओं का धन्यवाद. करदाताओं से प्राप्त प्रत्येक रुपये का उपयोग शहर की आधारभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने, स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने तथा नागरिक सेवाओं के विस्तार में किया जाएगा. उन्हें विश्वास है कि आगे भी नागरिक इसी तरह सहयोग करते रहेंगे और रांची को एक स्वच्छ, व्यवस्थित एवं विकसित शहर बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी निभाएंगे.
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नियमित कर भुगतान से विकास कार्यों को गति मिलती है और शहर की सार्वजनिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध होते हैं. इसलिए नागरिक समय पर संपत्ति कर जमा कर नगर विकास की इस प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें.
ये भी पढ़ें: होल्डिंग टैक्स पर 10% विशेष छूट के लिए रांची नगर निगम का विशेष अभियान, जानें कब तक उठा सकते हैं लाभ

