ETV Bharat / state

लालू यादव के राज के समय जैसे झारखंड में चुनाव कराना चाहती है हेमंत सरकार, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कसा तंज

रांची सांसद संजय सेठ ने लालू यादव का नाम लेते हुए बैलेट पेपर से नगर निकाय चुनाव कराने को लेकर हेमंत सरकार पर तंज कसा.

Ranchi MP Sanjay Seth
रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ (Etv Bharat)
author img

By ETV Bharat Jharkhand Team

Published : February 16, 2026 at 5:47 PM IST

|

Updated : February 16, 2026 at 6:50 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रांची: झारखंड में शहर की सरकार चुनने के लिए वोटिंग 23 फरवरी, 2026 को होनी है. भले ही चुनाव पार्टी के आधार पर नहीं हो रहे हैं, लेकिन लगभग सभी बड़ी राजनीतिक पार्टियों ने किसी न किसी प्रत्याशी को अपना समर्थन दिया है. इससे इस चुनाव में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. रांची नगर निगम के मेयर पद के चुनाव पर सबकी नजर है. इसी बीच बीजेपी नेता बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव का नाम लेते हुए हेमंत सरकार पर तंज कस रहे हैं.

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और दूसरे भाजपा नेता नगर निकाय चुनावों में ईवीएम की जगह बैलेट पेपर के इस्तेमाल पर तंज कस रहे हैं. उनका कहना है कि हेमंत सरकार लालू यादव के राज के समय के दौरान "आंखें बंद, डब्बा गायब" के जैसे चुनाव कराने लिए बैलेट पेपर से चुनाव करा रही है.

रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और राजद नेता का बयान (Etv Bharat)

रांची से भाजपा सांसद संजय सेठ ने पार्टी समर्थित मेयर उम्मीदवार रोशनी खलखो के समर्थन में किशोरगंज में एक नुक्कड़ रैली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि शुरू में यह सरकार नगर निकाय चुनाव नहीं कराना चाहती थी. रोशनी खलखो ने इसके लिए कानूनी लड़ाई लड़ी. फिर कोर्ट के आदेश से चुनाव हो रहे हैं.

उन्होंने कहा कि अब जब चुनाव हो रहे हैं, तो यह सरकार इतनी डरी हुई है कि वह पुराने दिनों की तरह चुनावों में धांधली करने के लिए ईवीएम की जगह बैलेट पेपर का इस्तेमाल कर रही है, ताकि वे लालू यादव के राज की तरह "आंखें बंद, डब्बा गायब" करके जीत सकें, हम अब ऐसा नहीं होने देंगे. वोटिंग के बाद हमारे कार्यकर्ता बैलेट बॉक्स के साथ स्ट्रॉन्ग रूम तक जाएंगे और फिर स्ट्रॉन्ग रूम की भी निगरानी करेंगे.

भाजपा के बड़े नेताओं के वार्ड-मेयर चुनाव में उतरने के विपक्ष के आरोप का भी संजय सेठ ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि वह रांची के सांसद हैं, यहां उन्होंने काम किया है तो ऐसे में क्या चुनाव में क्षेत्र को छोड़ दें.

वहीं चुनावी सभा में लालू प्रसाद का नाम लेने को राजद ने दुखद करार दिया. राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष संतोष यादव ने कहा कि दरअसल राज्य में जनता द्वारा नकारे गए भाजपा के लोग उनके नेता का नाम लेकर अपना टीआरपी बढ़ा रहे हैं. संतोष यादव ने कहा कि निकाय चुनाव में भाजपा अपने समर्थित उम्मीदवारों की हार मान चुकी है, इसलिए वह अनाप शनाप बयान दे रहे हैं.

यह भी पढ़ें:

मेयर बनने के लिए वोटर्स से वादे कर रहे राजनीतिक पार्टी समर्थित प्रत्याशी! जानिए इनके मेनिफेस्टो की मुख्य बातें

निकाय चुनाव: गिरिडीह के वार्ड एक हो या दो समस्या एक समान, घर तक नहीं पहुंच रहा नल का पानी

नगर निकाय चुनाव में बयानबाजी तेज, केएन त्रिपाठी के इशारों पर सियासी संग्राम, भाजपा ने बताया ‘स्वार्थ प्रेरित’

Last Updated : February 16, 2026 at 6:50 PM IST