JET-2024 को लेकर प्रशासन सख्त, रांची में समीक्षा बैठक, सुरक्षा और निष्पक्षता पर जोर
JPSC द्वारा आयोजित जेईटी 2024 परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन ने समीक्षा बैठक की है.

Published : April 24, 2026 at 1:09 PM IST
रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित झारखंड पात्रता परीक्षा 2024 (Jharkhand Eligibility Test-2024) के शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन को लेकर रांची जिला प्रशासन अलर्ट मोड में है. इसी क्रम में गुरुवार को समाहरणालय स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई. जिसमें परीक्षा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सभी जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने पर चर्चा हुई.
बैठक की अध्यक्षता अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) राजेश्वर नाथ आलोक ने की. इस दौरान दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, केंद्र अधीक्षकों और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ परीक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा को हर हाल में पारदर्शी, निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है.
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर
बैठक में परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष जोर दिया गया. सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए. साथ ही फर्जी परीक्षार्थियों, नकल (कॉपिंग/मालप्रैक्टिस) और अन्य अनाधिकृत गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया.
यातायात व्यवस्था को भी बैठक का अहम हिस्सा बनाया गया
अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास ट्रैफिक को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रभावी प्लान तैयार किया जाए, ताकि परीक्षार्थियों को समय पर केंद्र तक पहुंचने में कोई परेशानी न हो. इसके अलावा, केंद्र अधीक्षकों, जिला शिक्षा विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया.
आपातकालीन स्थितियों से निपटने का दिया निर्देश
आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. प्रशासन ने निर्देश दिया कि किसी भी स्वास्थ्य समस्या, आगजनी या अन्य आपात स्थिति के लिए मेडिकल टीम, अग्निशमन दल और अन्य आवश्यक सेवाएं पूरी तरह तैयार रहें. साथ ही परीक्षा के दौरान किसी भी अफवाह या असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतर्क नजर रखने के निर्देश भी दिए गए.
बैठक में जेपीएससी के प्रतिनिधि, जिला पुलिस पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला परिवहन पदाधिकारी समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. प्रशासन ने सभी विभागों को निर्देश दिया कि तय दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए. जिससे परीक्षा बिना किसी व्यवधान के सफलतापूर्वक संपन्न हो सके.
ये भी पढ़ें: JPSC मॉडल उत्तर पर विवाद: पहले जारी, फिर हटाया, संशोधन के बाद दोबारा अपलोड
कड़ी सुरक्षा के बीच संपन्न हुई JPSC प्रारंभिक परीक्षा 2025, रांची के 96 केंद्रों पर शांतिपूर्ण आयोजन
JPSC परीक्षा के प्रथम पाली के प्रश्न पत्रों में तकनीकी दिक्कत, अभ्यर्थियों ने उठाए सवाल

