पार्ट टाइम मुख्यमंत्री वाले हुड्डा के बयान पर रणबीर गंगवा का पलटवार, बोले- 'कांग्रेस की परेशानी समझ सकता हूं, जनता ने भाजपा पर जताया भरोसा'
पार्ट टाइम मुख्यमंत्री वाले हुड्डा के बयान पर रणबीर गंगवा ने करनाल में पलटवार करते हुए कांग्रेस पर हमला बोला.

Published : August 15, 2026 at 7:00 PM IST
करनाल: 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर करनाल की नई अनाज मंडी में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में हरियाणा के लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने बतौर मुख्य अतिथि ध्वजारोहण किया. इस दौरान उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस और हरियाणा की हरियाली तीज की शुभकामनाएं दीं. मंत्री ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि "आजादी के इन महान नायकों का सपना केवल गुलामी से मुक्ति नहीं, बल्कि भारत को एक मजबूत और विकसित राष्ट्र के रूप में देखना भी था."
2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प: रणबीर गंगवा ने कहा कि "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश लगातार विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. सरकार का लक्ष्य है कि वर्ष 2047 में जब देश अपनी आजादी के 100 वर्ष पूरे करे, तब भारत एक विकसित राष्ट्र के रूप में दुनिया के सामने खड़ा हो." उन्होंने कहा कि इसी लक्ष्य को लेकर केंद्र और हरियाणा सरकार लगातार योजनाओं और विकास परियोजनाओं को गति दे रही है.
निवेशकों की पहली पसंद बना हरियाणा: मंत्री ने कहा कि "हरियाणा भी विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है. सरकार की नीतियों के चलते हरियाणा निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है. प्रदेश में डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है." उन्होंने बताया कि "प्रदेश में अलग-अलग स्थानों पर 10 आईएमसी स्थापित किए जाने की दिशा में सरकार काम कर रही है. इससे औद्योगिक इकाइयों और निवेश को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे. सरकार की कोशिश है कि हरियाणा का युवा रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि दूसरों को रोजगार देने वाला बने."
राव इंद्रजीत के सरकार से टकराव के सवाल पर कन्नी काट गए गंगवा: गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह के सरकार से कथित टकराव को लेकर जब मंत्री रणबीर गंगवा से सवाल किया गया तो वह इस मुद्दे पर जवाब देने से बचते नजर आए. उन्होंने कहा कि "उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं है. मंत्री के इस संक्षिप्त जवाब के बाद राजनीतिक गलियारों में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर जरूर तेज हो गया."
पार्ट टाइम मुख्यमंत्री वाले बयान पर हुड्डा को घेरा: नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के उस बयान पर भी रणबीर गंगवा ने तीखा पलटवार किया, जिसमें हुड्डा ने कहा था कि हरियाणा को पार्ट टाइम नहीं, बल्कि पूरे समय का मुख्यमंत्री चाहिए और मुख्यमंत्री के ज्यादा समय पंजाब में होने को लेकर सवाल उठाए थे.
‘कांग्रेस की परेशानी समझ सकता हूं’: हुड्डा के बयान पर पलटवार करते हुए रणबीर गंगवा ने कहा कि "वह कांग्रेस की परेशानी समझ सकते हैं. कांग्रेस ने अपने शासनकाल में प्रदेश में जिस तरह से काम किया, उसे जनता अच्छी तरह जानती है." गंगवा ने दावा किया कि "कांग्रेस के कार्यकाल के इन्हीं कारणों से आज देश और प्रदेश की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताया है और केंद्र तथा हरियाणा में भाजपा की सरकार बनी है."
विकास के मुद्दे पर सरकार का दावा, सियासी बयानबाजी पर पलटवार: स्वतंत्रता दिवस समारोह के मंच से रणबीर गंगवा ने जहां सरकार की विकास योजनाओं और 2047 के विकसित भारत के संकल्प को सामने रखा, वहीं हुड्डा के बयान पर पलटवार कर हरियाणा की राजनीति में चल रही सियासी बयानबाजी को भी हवा दे दी. हालांकि राव इंद्रजीत सिंह से जुड़े सवाल पर मंत्री का जवाब देने से बचना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बना रहा.

