पिता की हैवी ड्राइविंग देखकर बेटे ने पकड़ लिया सिर, थाने में हो गया केस
बाजीर बावड़ी-ब्रो मार्ग पर कार अनियंत्रित होकर सतलुज नदी के किनारे खाई में गिर गया. पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है.


By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 28, 2026 at 12:31 PM IST
शिमला: रामपुर थाना क्षेत्र के तहत बाजीर बावड़ी-ब्रो मार्ग पर एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना सामने आई है, जहां एक वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा और सतलुज नदी के किनारे आंशिक रूप से पानी में डूब गया. हादसे में वाहन चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका उपचार खनेरी अस्पताल में चल रहा है. पुलिस ने इस संबंध में बेटे की शिकायत पर पिता के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस को दी गई शिकायत में डकोलेर (वार्ड नंबर-6) तहसील रामपुर के रहने वाले 21 वर्षीय रियांशु ने बताया कि 27 जून की शाम लगभग 7:15 बजे मैं अपने साथी गोलू के साथ बाजीर बावड़ी के पास अपनी गाड़ी को धक्का लगा रहा था. उस समय गाड़ी के अंदर मेरे पिता राज कुमार ड्राइविंग सीट पर बैठे थे. लगभग 15-20 कदम धक्का लगाने के बाद गाड़ी स्टार्ट हो गई. इसके बाद गाड़ी को सीधे बाजीर बावड़ी-ब्रो मार्ग से घर की ओर ले गए.
महिलाओं ने दी हादसे की सूचना
शिकायतकर्ता रियांशु के अनुसार, कुछ समय बाद वहां से गुजर रही दो-तीन महिलाओं ने आकर सूचना दी कि हमारी गाड़ी सड़क से नीचे खाई में गिर गई है. सूचना मिलते ही मैं अपने दोस्त के साथ तुरंत मौके पर पहुंचा. मौके पर जाकर पता चला कि गाड़ी सतलुज नदी के किनारे दुर्घटनाग्रस्त हालत में आंशिक रूप से पानी में डूबी हुई थी, जबकि पिता राज कुमार गाड़ी से कुछ दूरी पर घायल अवस्था में पड़े थे. उन्हें तुरंत एक निजी वाहन की मदद से इलाज के लिए खनेरी अस्पताल पहुंचाया गया.
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि यह हादसा चालक राज कुमार द्वारा तेज रफ्तार, लापरवाही और असावधानी से वाहन चलाने के कारण पेश आया है. डीएसपी रामपुर नरेश शर्मा ने बताया कि "पुलिस ने शिकायत के आधार पर वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 281 और 125(ए) के तहत मामला पंजीकृत कर लिया है. घायल राज कुमार का इलाज खनेरी अस्पताल में चल रहा है और पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुट गई है."
ये भी पढ़ें: चूड़धार मंदिर से लौट रहे परिवार की गाड़ी हुई दुर्घटनाग्रस्त, 5 लोग घायल

