रामपुर में हेड कांस्टेबल अरुण शुक्ला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: किराए के कमरे में मिला शव, आत्महत्या की आशंका
रामपुर की आवास विकास कॉलोनी में पुलिस कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल अरुण शुक्ला का शव उनके किराए के कमरे में संदिग्ध हालत में मिला.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : August 28, 2026 at 3:59 PM IST
रामपुर: रामपुर के कोतवाली सिविल लाइन क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी में पुलिस कार्यालय में तैनात हेड कांस्टेबल अरुण शुक्ला का शव संदिग्ध हालत में किराए के कमरे में मिला. शव मिलने की सूचना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ सिटी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया. पुलिस ने कमरे की बारीकी से जांच पड़ताल की है.
3 बजे ड्यूटी खत्म कर पहुंचे थे कमरे पर: हेड कांस्टेबल की मौत की सूचना उनके परिजनों और पत्नी को भी दे दी गई है. पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि हेड कांस्टेबल अरुण शुक्ला किराए के मकान की छत पर बने कमरे में अकेले रहते थे. अरुण शुक्ला वर्ष 2005 बैच के आरक्षी थे और वर्तमान में पदोन्नति के बाद हेड कांस्टेबल के पद पर रामपुर पुलिस कार्यालय में तैनात थे. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक अरुण शुक्ला आज दोपहर करीब तीन बजे तक पुलिस कार्यालय में ड्यूटी पर मौजूद थे.
भरण-पोषण का चल रहा था केस: इसके बाद वह अपने कमरे पर पहुंचे होंगे और शाम के समय उनका शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने की जानकारी मिली. पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगी. फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अरुण शुक्ला का अपनी पत्नी से तलाक का मुकदमा चल रहा था.
बरेली में रहता है परिवार: दोनों के बीच संबंध विच्छेद हो चुका था और उनका एक बेटा है जो पत्नी के साथ रहता है. कोर्ट की ओर से अरुण शुक्ला को पत्नी के भरण-पोषण के लिए 25 हजार रुपये प्रतिमाह देने का आदेश दिया गया था और यह मामला कोर्ट में विचाराधीन था. अरुण शुक्ला मूल रूप से शाहजहांपुर के रहने वाले थे, जबकि उनका परिवार बरेली में रहता है. रामपुर में वह अकेले रह रहे थे और पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
यह भी पढ़ें- अखिलेश पर चल रही राहु की महादशा, तारीफ में कही ऐसी बात : नंद किशोर गुर्जर

