नगर परिषद रामपुर के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव पर सस्पेंस बरकरार, पूरा नहीं हो पाया कोरम, बैठक में नहीं पहुंचा एक भी पार्षद
रामपुर नगर परिषद में राजनीतिक मुकाबला काफी करीबी माना जा रहा है. परिषद में भाजपा समर्थित 5 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित 4 पार्षद हैं.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : June 27, 2026 at 8:57 PM IST
रामपुर: शिमला जिले की नगर परिषद रामपुर में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर सियासी स्थिति अभी भी साफ नहीं हो पाई है. शनिवार को चुनाव प्रक्रिया पूरी करवाने के लिए बुलाई गई पहली बैठक में एक भी पार्षद के नहीं पहुंचने से कोरम पूरा नहीं हो सका. इसके चलते बैठक को स्थगित करना पड़ा और नगर परिषद को नया नेतृत्व मिलने का इंतजार बढ़ गया है.
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए एसडीएम रामपुर एवं प्राधिकृत अधिकारी हर्ष अमरेन्द्र सिंह प्रशासनिक टीम के साथ बैठक स्थल पर पहुंचे थे. प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य सभी तैयारियां भी पूरी कर ली गई थीं. लेकिन तय समय पर बैठक शुरू होने के बाद भी काफी देर तक कोई पार्षद मौजूद नहीं हुआ. आवश्यक संख्या पूरी नहीं होने के कारण चुनाव अधिकारी को बैठक स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा.
जल्द घोषित होगी अगली बैठक की तारीख
नगर परिषद रामपुर में कुल 9 निर्वाचित पार्षद हैं. नियमों के अनुसार पहली बैठक में चुनाव प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए जरूरी संख्या में सदस्यों की मौजूदगी आवश्यक होती है. लेकिन शनिवार को एक भी पार्षद बैठक में शामिल नहीं हुआ, जिस कारण अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं हो पाए. अब प्रशासन की ओर से जल्द ही अगली बैठक की तारीख घोषित की जाएगी.
दिलचस्प बना हुआ है राजनीतिक समीकरण
बता दें कि रामपुर नगर परिषद में राजनीतिक मुकाबला काफी करीबी माना जा रहा है. परिषद में भाजपा समर्थित 5 पार्षद हैं, जबकि कांग्रेस समर्थित 4 पार्षद चुने गए हैं. इसके अलावा स्थानीय विधायक को भी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव में मतदान का अधिकार प्राप्त है. ऐसे में कांग्रेस और भाजपा दोनों के पास बराबरी का आंकड़ा बनने की संभावना है. यही वजह है कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां लगातार तेज बनी हुई हैं.
एसडीएम रामपुर हर्ष अमरेन्द्र सिंह ने बताया कि अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के चुनाव के लिए बैठक बुलाई गई थी, लेकिन आवश्यक संख्या में पार्षद उपस्थित नहीं हुए. कोरम पूरा न होने के कारण बैठक स्थगित करनी पड़ी. उन्होंने कहा कि चुनाव के लिए अगली तिथि जल्द घोषित की जाएगी.
ये भी पढ़ें: नगर परिषद के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए नहीं पहुंचा एक भी पार्षद, बीजेपी का पलड़ा था भारी
ये भी पढ़ें: जिला परिषद अध्यक्ष-उपाध्यक्ष चुनाव में देरी से भड़की बीजेपी, सुक्खू सरकार के खिलाफ प्रदेशभर में प्रदर्शन

