लखनऊ में जनेश्वर मिश्र पार्क घूमने पहुंची दो बहनों से छेड़खानी: विरोध करने पर मारपीट, कार में तोड़फोड़ की
इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने कहा कि आरोपों के आधार पर छेड़छाड़ और हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : January 3, 2026 at 7:21 PM IST
लखनऊ: नए साल के मौके पर सीतापुर से जनेश्वर मिश्र पार्क घूमने आई दो बहनों के साथ पांच युवकों ने छेड़छाड़ और मारपीट की. विरोध करने पर दबंगों ने उनकी कार पर ईंट से हमला कर दिया, जिससे पिछला शीशा टूट गया और उसका टुकड़ा एक युवती की दाहिनी आंख में जा लगा.
गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. गोमती नगर विस्तार पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से फरार आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है.
पार्क की पार्किंग में अश्लीलता और हमला: वारदात गुरुवार शाम गोमतीनगर विस्तार स्थित करीब 6 बजे की है. सीतापुर के पिसावां निवासी दो बहनें अपने मामा-मामी के साथ नए साल पर जनेश्वर मिश्र पार्क घूमने पहुंची थीं. परिजनों का आरोप है कि पार्किंग के पास पांच युवकों ने युवतियों पर अश्लील कमेंट्स किए. जब मामा ने इसका विरोध किया, तो युवक भड़क गए.
परिवार के साथ युवकों ने मारपीट की: पूरे परिवार के साथ लात-घूसों से मारपीट शुरू कर दी. मारपीट के बाद जब परिवार कार में बैठने लगा, तो आरोपियों ने पीछे के शीशे पर बड़ा पत्थर (ईंट) मार दिया. शीशा चकनाचूर हो गया और उसका एक बड़ा टुकड़ा पीछे बैठी युवती की दाहिनी आंख में जा धंसा.
वारदात के बाद आरोपी हुए फरार: वारदात के बाद आरोपी गाली-गलौज करते हुए और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए. घायल युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. पीड़ित परिवार ने गोमती नगर विस्तार थाने में नामजद तहरीर दी है.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच: इंस्पेक्टर सुधीर अवस्थी ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला पार्किंग से गाड़ी निकालने को लेकर हुए विवाद का लग रहा है. परिवार के आरोपों के आधार पर छेड़छाड़ और हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढें- आगरा में अंग्रेजों के जमाने का कारोबार; हर दिन बन रहे 22 लाख ब्रश, 500 करोड़ का आंकड़ा पार

