शुभ मुहूर्त में हुआ होलिका दहन, छोटी होली की भी हुई शुरुआत, मसूरी में रंगों की धूम
होलिका दहन सुबह 4 से 5:30 बजे तक हुआ. इस बीच लोगों ने गन्ना लेकर पूजा-अर्चना की.

By ETV Bharat Uttarakhand Team
Published : March 3, 2026 at 9:34 AM IST
रामनगर/मसूरी: रंगों के महापर्व होली की शुरुआत परंपरागत आस्था और उल्लास के साथ हुई. आज प्रातःकाल 4 बजे से 5 बजकर 30 मिनट तक शुभ मुहूर्त में विधि-विधान से होलिका दहन किया गया. ब्रह्म मुहूर्त में ही श्रद्धालु बड़ी संख्या में होलिका स्थल पर एकत्रित होने लगे थे. पूरे वातावरण में भक्ति, आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला.
होलिका दहन के अवसर पर श्रद्धालु अपने हाथों में गन्ना लेकर पहुंचे और पूजा-अर्चना की. मान्यता है कि गन्ना अर्पित करने से जीवन में समृद्धि, सुख-शांति और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है. महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पूजा की. वहीं पुरुषों और बच्चों ने भी उत्साहपूर्वक इस धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया. पंडितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा संपन्न कराई गई. होलिका में अग्नि प्रज्वलित होते ही श्रद्धालुओं ने परिक्रमा की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. कई लोगों ने नई फसल के प्रतीक के रूप में गन्ने को अग्नि में अर्पित किया. जिसके बाद एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं दीं.
होलिका दहन बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक माना जाता है. पौराणिक मान्यता के अनुसार, भक्त प्रह्लाद की रक्षा के लिए भगवान विष्णु ने उसे अग्नि से सुरक्षित रखा था, जबकि अहंकारी होलिका अग्नि में भस्म हो गई थी. इसी आस्था के साथ हर वर्ष यह पर्व मनाया जाता है. सुबह के शांत वातावरण में जब अग्नि की लपटें उठीं, तो पूरे क्षेत्र में होली है के जयघोष गूंज उठे. इसके साथ ही रंगों के त्योहार की औपचारिक शुरुआत हो गई. अब लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली के रंगों में सराबोर होने को तैयार हैं.
वहीं, पहाड़ों की रानी मसूरी में भी छोटी होली पर भव्य होलिका दहन और होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया. मसूरी के पीछे पाले चौक पर होलिका दहन का भव्य आयोजन किया गया. आयोजन समिति द्वारा सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थीं. रंग-बिरंगी सजावट और पारंपरिक विधि-विधान के साथ होलिका स्थापित की गई. शाम होते-होते बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, महिलाएं, बुजुर्ग और युवा एकत्रित हुए. श्रद्धालुओं ने होलिका मैया की पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि और पाप के नाश की कामना की. मंत्रोच्चार और जयघोष के बीच विधिवत होलिका दहन किया.
दूसरी ओर नगर पालिका अध्यक्ष मीरा सकलानी द्वारा मसूरी के टाउन हॉल में होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में शहर के विभिन्न क्षेत्रों और सभी धर्मों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया. एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और होली की शुभकामनाएं देकर आपसी भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया गया.
पढ़ें- होली पर हुड़दंग मचाया तो होगी सीधी कार्रवाई, एसएसपी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
पढ़ें- उत्तराखंड में होली पर 108 सेवा के कर्मचारियों की छुट्टी कैंसिल, हर जगह तैनात रहेगी एंबुलेंस

