रक्षाबंधन पर्व पर केन्द्रीय जेल रायपुर में बंदियों को राखी बांधने के लिए गाइड लाइन जारी
सुबह 8 बजे से दोपहर 3 बजे तक बहनें जेल में अपने भाइयों को राखी बांध सकेंगी. पहचान पत्र लाना अनिवार्य रहेगा.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : August 27, 2026 at 8:41 AM IST
रायपुर: रक्षाबंधन का पर्व शुक्रवार को मनाया जाएगा. रक्षाबंधन के पर्व को देखते हुए केन्द्रीय जेल रायपुर में बंदियों से मुलाकात करने वाली बहनों और परिजनों के लिए जेल प्रबंधन ने दिशा निर्देश जारी किया है. रक्षाबंधन के दिन बंदियों को राखी बांधने के लिए बहनों को सुबह 8:00 बजे से शाम 3:00 बजे तक जेल के अंदर जाने की अनुमति दी जाएगी.
पहचान पत्र लाना अनिवार्य
जेल अधीक्षक द्वारा जारी दिशा-निर्देश अनुसार बंदियों को राखी बांधने वाली बहनों को अपने साथ पहचान-पत्र रखना अनिवार्य होगा. जिसकी जांच के बाद ही जेल में प्रवेश दिया जाएगा. बहनों द्वारा लाई गई मिठाई की जांच-पड़ताल के बाद एक बंदी के लिए मात्र 100 ग्राम मिठाई देने की अनुमति रहेगी. मिठाई के अलावा अन्य किसी प्रकार का खाद्य पदार्थ नहीं लाना है. बहनें अपने साथ मोबाइल, पर्स, पैसे और कीमती सामान न लाएं. इन्हें जेल के अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी. ऐसे सामानों को जेल में जमा करने की कोई व्यवस्था भी नहीं की गई है.
जेल प्रशासन की अपील
सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यकता पड़ने पर जेल प्रवेश के पूर्व तीन जगह महिला कर्मचारियों द्वारा तलाशी ली जा सकती है. तलाशी को अपनी प्रतिष्ठा का प्रश्न न बनाकर जेल प्रशासन को सहयोग प्रदान करें. सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए 1 बंदी को राखी बांधने के लिए केवल 3 बहनों को ही प्रवेश दिया जावेगा.

