ETV Bharat / state

छत्तीसगढ़ में राज्यसभा की 'जंग', 2 सीटों पर 16 मार्च को होगा फैसला, KTS तुलसी और फूलो देवी का कार्यकाल हो रहा खत्म

2026 में देश के 10 राज्यों की 37 सीटों पर राज्यसभा चुनाव होने हैं. आयोग ने चुनाव की तारीख का ऐलान कर दिया है.

Rajya Sabha Election Date 2026
KTS तुलसी और फूलो देवी का कार्यकाल हो रहा खत्म (ETV BHARAT CHHATTISGARH)
author img

By ETV Bharat Chhattisgarh Team

Published : February 19, 2026 at 2:11 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

रायपुर: भारत निर्वाचन आयोग ने अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले राज्यसभा सदस्यों की रिक्त सीटों को भरने के लिए चुनाव की घोषणा कर दी है. देश के 10 राज्यों की 37 सीटों पर होने वाले इस चुनाव में छत्तीसगढ़ की दो सीटें भी शामिल हैं. प्रदेश से राज्यसभा सदस्य कवि तेजपाल सिंह तुलसी और फूलो देवी नेताम का कार्यकाल 9 अप्रैल 2026 को समाप्त हो रहा है, जिसके बाद इन सीटों पर नए प्रतिनिधियों का निर्वाचन किया जाएगा. चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है.

Rajya Sabha Election Date 2026
छत्तीसगढ़ की 2 सीटों पर 16 मार्च को होगा फैसला (ETV BHARAT CHHATTISGARH)

दो सीटें खाली, राजनीतिक दलों की नजरें टिकी

राज्यसभा की छत्तीसगढ़ से कुल पांच सीटें हैं, जिनमें से दो सीटें अप्रैल में रिक्त हो रही हैं. इन सीटों पर निर्वाचन की प्रक्रिया आयोग द्वारा अधिसूचना जारी होने के साथ शुरू हो जाएगी. राज्यसभा चुनाव भले ही प्रत्यक्ष जनता से नहीं बल्कि विधायकों के माध्यम से होता हो, लेकिन इसके राजनीतिक मायने बेहद अहम होते हैं.

चुनाव कार्यक्रम- अधिसूचना से मतगणना तक

  • 26 फरवरी 2026 को अधिसूचना जारी की जाएगी.
  • नामांकन पत्र 5 मार्च 2026 तक दाखिल किए जा सकेंगे
  • 6 मार्च को नामांकन पत्रों की संवीक्षा (स्क्रूटनी) होगी.
  • अभ्यर्थी 9 मार्च तक अपना नाम वापस ले सकेंगे.
  • 16 मार्च को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा
  • 16 मार्च को ही शाम 5 बजे से मतगणना प्रारंभ कर दी जाएगी.
  • पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 20 मार्च 2026 तक पूर्ण कर ली जाएगी.

नामांकन की प्रक्रिया और मतदान का तरीका

राज्यसभा निर्वाचन के लिए अभ्यर्थी 26 फरवरी से 5 मार्च तक (सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर) 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन जमा कर सकते हैं. इसके लिए छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन में निर्धारित स्थान पर रिटर्निंग ऑफिसर, जो छत्तीसगढ़ विधानसभा के संचालक होंगे उनके सामने अपना नाम-निर्देशन पत्र पेश करना होगा. मतदान मतपत्र के माध्यम से होगा, जिसमें विधायकों को वरीयता क्रम अंकित करना होगा. इसके लिए केवल निर्वाचन अधिकारी की ओर से दिए गए बैंगनी रंग के स्केच पेन का ही इस्तेमाल मान्य होगा.

विधानसभा की संख्या तय करेगी परिणाम

राज्यसभा के इस चुनाव में छत्तीसगढ़ के कुल 90 विधायक अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. वर्तमान विधानसभा स्थिति के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के 54 विधायक, कांग्रेस के 35 विधायक और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का एक विधायक है. ऐसे में सत्तारूढ़ दल की संख्या बल के आधार पर बढ़त स्पष्ट मानी जा रही है, हालांकि राजनीतिक रणनीति और क्रॉस वोटिंग की संभावनाएं भी चर्चा में हैं.

निष्पक्ष चुनाव के लिए कड़ी निगरानी

स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करेगा. पूरी प्रक्रिया आयोग के दिशा-निर्देशों पर ही पूरी होगी. अप्रैल 2026 में सेवानिवृत्त होने वाले सदस्यों का राज्यवार विवरण आयोग ने जारी किया है. राज्यसभा की इन दो सीटों को लेकर अब छत्तीसगढ़ में राजनीतिक सरगर्मियां तेज होना तय है, क्योंकि यह चुनाव आने वाले समय में राष्ट्रीय राजनीति में प्रदेश की भूमिका को भी प्रभावित कर सकता है.

अंबिकापुर में SIR को लेकर कांग्रेस का आरोप, पार्षद और उनके परिजन को बताया लापता, 1143 नाम काटने मिला शपथ पत्र
धमतरी के लिए खुशखबरी, सैनिक स्कूल खोलने के लिए मिली सहमति
होली पर घर जाने वालों की बल्ले-बल्ले, रेलवे चलाएगी चर्लपल्ली-रक्सौल-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन