राजनांदगांव भी अब हुआ नक्सल मुक्त जिला, नए साल में मिली बड़ी उपलब्धि
SP अंकिता शर्मा ने इसे खुशखबरी बताते हुए कहा कि राजनांदगांव जिला अब नक्सल मुक्त हो गया है. सुरक्षाबलों के लिए ये बड़ी उपलब्धि है.

By ETV Bharat Chhattisgarh Team
Published : January 2, 2026 at 4:08 PM IST
राजनांदगांव: जिले के लिए नए साल पर एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है. लगातार चलाए जा रहे नक्सल विरोधी अभियानों के बाद अब राजनांदगांव को नक्सल मुक्त जिला घोषित कर दिया गया है. इस बारे में जिले की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने आधिकारिक जानकारी दी.
नक्सल विरोधी अभियान से मिली सफलता: पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बताया कि राजनांदगांव जिला एमएमसी (मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़) जोन के अंतर्गत आता है. यह इलाका पहले नक्सल गतिविधियों के लिए संवेदनशील माना जाता था. लेकिन पुलिस और सुरक्षा बलों द्वारा लगातार की गई कार्रवाई, सर्च ऑपरेशन और जागरूकता अभियानों के चलते नक्सलियों पर दबाव बढ़ा.
सभी के लिए खुशखबरी है कि राजनांदगांव जिला नक्सलमुक्त हो गया है- अंकिता शर्मा, पुलिस अधीक्षक, राजनांदगांव

कई नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण: बीते कुछ समय में एमएमसी जोन (मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़) के कई बड़े नक्सली कैडरों ने अलग-अलग इलाकों में आत्मसमर्पण किया. इससे नक्सली नेटवर्क कमजोर हुआ और जिले में शांति बहाल करने में मदद मिली. पुलिस का कहना है कि यह सफलता लंबे समय से की जा रही रणनीतिक कार्रवाई का परिणाम है.

2025 की सबसे बड़ी उपलब्धि: पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने कहा कि राजनांदगांव का नक्सल मुक्त होना वर्ष 2025 की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक है. यह केंद्र सरकार के उस लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम है, जिसमें मार्च 2026 तक पूरे देश को नक्सल मुक्त करने की बात कही गई है.
लगातार अभियान, नक्सलियों के आत्मसमर्पण और पुलिस की सक्रियता के कारण अब राजनांदगांव जिला नक्सल मुक्त हो गया है. यह जिले की सुरक्षा व्यवस्था और विकास के लिए एक सकारात्मक संकेत है.

