कौन हैं राजीव कुमार त्रिपाठी? 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी का साथ देने का किया ऐलान
राजीव कुमार त्रिपाठी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट लिखा.

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : September 1, 2026 at 5:52 PM IST
लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सगे साले राजीव कुमार त्रिपाठी ने आगामी विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी के समर्थन में उतरने का ऐलान किया है. उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये कहा कि वह 2027 के विधानसभा चुनाव में सपा के लिये प्रचार करेंगे और पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में अपना योगदान देंगे.
वायरल पोस्ट में राजीव कुमार त्रिपाठी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट लिखा है कि "नम्रता पाठक जो मेरी सगी बड़ी बहन है इनसे व इनके पतिदेव ब्रजेश पाठक उप मुख्यमंत्री से राजनैतिक कारणों से मेरा कोई मतलब नहीं है और मेरे इस कृत्य से इन्हे कष्ट है तो मैं अपने भविष्य को देखते हुए मैं इनसे क्षमा चाहता हूं क्योंकि मैं समाजवादी पार्टी का समाजवाद विचारधारा से ओतप्रोत हो कर प्रचार प्रसार विस्तार करूंगा. जातीय समीकरण वाद को न देखते हुये सभी जातियों के वाद को खत्म करते हुये समाजवाद को अपनाऊंगा और समाजवादी पार्टी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने में अपना योगदान दूंगा." फिलहाल इस पोस्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक या उनकी पत्नी नम्रता पाठक की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है.

एक वीडियो जारी कर उन्होंने कहा कि "मैंने जो भी पोस्ट डाली जो भी कुछ लिखा जातिवाद को ध्यान में रख रखते हुए समाजवाद के विस्तार के लिए लिखा. उन्होंने कहा कि समाजवाद के विस्तार के साथ ही बन सकता है अखंड भारत. उन्होंने कहा कि मैंने जो पोस्ट डाली, हमारे लिए वह सभी लोग आदरणीय हैं, सम्माननीय हैं, पूजनीय हैं मैं उनके चरण छूकर उनका वंदन करता हूं.
(नोट : ईटीवी भारत वायरल पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है)

