राजीव कृष्ण उत्तर प्रदेश के पूर्णकालिक डीजीपी बनाए गए, CM योगी से मिले
पिछले साल जून में संभाला था कार्यवाहक डीजीपी का पदभार

By ETV Bharat Uttar Pradesh Team
Published : May 31, 2026 at 5:29 PM IST
|Updated : May 31, 2026 at 6:56 PM IST
लखनऊ: यूपी के मौजूदा कार्यवाहक डीजीपी राजीव कृष्ण को योगी सरकार ने पूर्णकालिक पुलिस महानिदेशक बना दिया है. राजीव कृष्ण ने पिछले साल 1 जून को कार्यवाहक डीजीपी के तौर पर पदभार संभाला था. इस तरह से मई 2022 के बाद यूपी को पहला स्थायी डीजीपी मिला है. अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद ने इस आशय का शासनादेश रविवार को ही जारी किया है. डीजीपी राजीव कृष्ण साल 2029 में सेवानिवृत होने वाले हैं. इस तरह से उनका कार्यकाल अभी लगभग 3 साल बचा है. राजीव कृष्ण 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं. डीजीपी राजीव कृष्ण ने शाम को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट भी की.

यूपी को 4 साल बाद पूर्णकालीन पुलिस मुखिया मिला है. संजय प्रसाद की ओर से जारी किए गए आदेश में आईपीएस राजीव कृष्ण को संबोधित करते हुए लिखा गया है-'मुझे यह सूचित करने का निर्देश हुआ है कि शासन द्वारा जनहित में आपको पुलिस महानिदेशक (विभाग अध्यक्ष) उत्तर प्रदेश लखनऊ के पद पर तैनात किए जाने का निर्णय लिया गया है. इस संदर्भ में कार्यभार ग्रहण कर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने का कष्ट करें.
यूपीएससी की गाइडलाइन व सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के तहत राजीव कृष्ण कम से कम दो साल तक उत्तर प्रदेश के डीजीपी के पद पर रहेंगे. इससे पहले 1 जून 2025 को कार्यवाहक डीजीपी के तौर पर राजीव कृष्ण ने पदभार ग्रहण किया था, जिन्हें अब उत्तर प्रदेश पुलिस का पूर्ण कालीन डीजीपी बनाया गया है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने 19 आईपीएस अधिकारियों की लिस्ट संघ लोक सेवा को यूपी डीजीपी के पद के लिए भेजी थी. 26 मई को आयोग की बैठक आयोजित की गई, जिसमें यूपी के मुख्य सचिव एसपी गोयल सहित अपर मुख्य सचिव संजय प्रसाद शामिल हुए. बैठक में पियूष आनंद, रेणुका मिश्रा और राजीव कृष्ण के नाम को फाइनल किया गया. इसके बाद लोक सेवा आयोग ने तीनों नाम उत्तर प्रदेश सरकार को डीजीपी के चयन के लिए भेजे थे. जिसमें से उत्तर प्रदेश सरकार ने राजीव कृष्ण को उत्तर प्रदेश का पूर्णकालिक डीजीपी बनाने का आदेश जारी किया है.
राजीव कृष्ण नोएडा के रहने वाले हैं. इनका जन्म 26 जून 1969 को हुआ था. राजीव कृष्णा की पत्नी आईआरएस अफसर हैं, जो वर्तमान में नोएडा में सीबीडीटी में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर तैनात हैं.
योगी सरकार में कार्यवाहक डीजीपी
आईपीएस विजय कुमार
आईपीएस डीएस चौहान
आईपीएस आरके विश्वकर्मा
आईपीएस प्रशांत कुमार
आईपीएस राजीव कृष्ण (वर्तमान)

