47 में से 30 नगर निकायों में हुई भाजपा की जीत, 2027 में जाने वाली है कांग्रेस सरकार: बिंदल
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की वापसी होगी और कांग्रेस सत्ता से बाहर जाएगी.

By ETV Bharat Himachal Pradesh Team
Published : May 18, 2026 at 5:36 PM IST
शिमला: हिमाचल प्रदेश में 47 नगर निकायों के चुनाव नतीजे सामने आने के बाद से प्रदेश में सियासी तपिश बढ़ गई है. नतीजों को लेकर अब भाजपा और कांग्रेस अपने-अपने दावे कर रहे हैं. इसी बीच शिमला में हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि कुल 229 सीटों पर हुए चुनाव में भाजपा को 120 सीटों पर जीत मिली. वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार केवल 89 सीटों पर जीत पाए. इस दौरान राजीव बिंदल ने राज्य सरकार पर जीते हुए प्रत्याशियों पर दबाव बनाकर अपने पक्ष में करने के भी आरोप लगाए हैं.
राजीव बिंदल ने कहा, 'हिमाचल की जनता ने ये जनमत राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ दिया है. 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा की वापसी होने वाली और कांग्रेस सत्ता से बाहर होगी. हालांकि कांग्रेस ने आधिकारिक उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की, लेकिन ये उम्मीदवार कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं'.
हिमाचल भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों को जानबूझकर टालने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ये चुनाव अक्टूबर 2025 में हो जाने चाहिए थे, लेकिन राज्य सरकार चुनावों से भागती रही. बिंदल ने दावा किया कि चुनाव आयोग को राज्यपाल को 35 पन्नों की चिट्ठी लिखनी पड़ी और सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में करोड़ों रुपये खर्च कर चुनाव रोकने की कोशिश की, लेकिन अदालत के आदेशों के बाद चुनाव करवाने पड़े.
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कांग्रेस प्रत्याशियों की आधिकारिक घोषणा नहीं की, फिर भी अब कांग्रेस जीत का दावा कर रही है. प्रदेश की जनता ने नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में भाजपा को भारी समर्थन देकर कांग्रेस सरकार के खिलाफ जनमत दिया है.
डॉ. राजीव बिंदल ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में माफिया राज बढ़ा है और चुने हुए प्रतिनिधियों को अधिकारियों के माध्यम से डराने-धमकाने की कोशिश की जा रही है. चुनाव प्रक्रिया के दौरान सैकड़ों लोगों के जाति और वर्ग प्रमाण पत्र रद्द किए गए, जिसके कारण कई स्थानों पर नामांकन रद्द हुए.
बिंदल ने दावा किया कि भाजपा ने अपने अधिकृत उम्मीदवार घोषित किए थे और जीतकर आए उम्मीदवार भाजपा समर्थित हैं, जबकि कांग्रेस ने आधिकारिक सूची जारी नहीं की. उन्होंने कहा कि कांगड़ा जिले में भी अधिकांश स्थानों पर भाजपा को जीत मिली और आने वाले आम चुनावों में कांग्रेस की विदाई तय है. उन्होंने मुख्यमंत्री को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि यदि हिम्मत है तो मैदान में आकर मुकाबला करें.
ये भी पढ़ें: नगर परिषद कुल्लू में 'निर्दलीय' बने किंगमेकर, BJP-कांग्रेस दोनों को झटका, अध्यक्ष की कुर्सी पर बढ़ा सस्पेंस

