69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी हैंडबॉल में राजस्थान का दबदबा, बालक व बालिका वर्ग में जीते स्वर्ण
विभिन्न राज्यों से आए लगभग 1050 खिलाड़ियों ने भाग लिया. राजस्थान को जनरल चैंपियनशिप दी गई.

Published : January 10, 2026 at 5:05 PM IST
चितौड़गढ़: शहर के इंदिरा गांधी स्टेडियम में 69वीं राष्ट्रीय विद्यालय स्तरीय अंडर-14 हैंडबॉल प्रतियोगिता शनिवार को संपन्न हुई. इसमें राजस्थान को जनरल चैंपियनशिप दी गई. बालक वर्ग में राजस्थान का गोविंद व बालिका वर्ग में हिमाचल की स्नेहा बेस्ट प्लेयर रहे. छात्र वर्ग में राजस्थान का गोविंद जाट बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहा. छात्रा वर्ग में हिमाचल प्रदेश की स्नेहा राजपूत को यह सम्मान मिला. विभिन्न राज्यों से आए लगभग 1050 खिलाड़ियों ने भाग लिया. अतिथियों ने विजेता को स्वर्ण एवं उप विजेता टीम को रजत पदक एवं ट्रॉफी प्रदान की.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि चितौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि राजस्थान की यह जीत कई मायनों में अहम है. इससे न केवल प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा, बल्कि नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर भी प्राप्त होगा. उन्होंने सफल आयोजन के लिए आयोजकों को बधाई दी. विधायक आक्या ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर पंचायत में खेल स्टेडियम बने. पंचायतों में प्राथमिकता के आधार पर खेल का आधारभूत ढांचा विकसित किया जाएगा. बेगूं विधायक सुरेश धाकड़ ने कहा कि छोटे से गांव पारोली से निकले सपनों ने आज जिले को राष्ट्रीय स्तर पर अलग पहचान दिलाई है. संसाधनों के अभाव में भी प्रतिभाएं नहीं रुकतीं. उन्होंने स्थानीय औद्योगिक संस्थानों में पदक विजेता खिलाड़ियों को प्राथमिकता देने की बात भी कही.
ये रहे मौजूद: एसजीएफआई के ऑब्जर्वर लईक अहमद खान ने इसे राष्ट्रीय मानकों पर खरा बताया. उन्होंने शिक्षा विभाग और जिला प्रशासन के समन्वय को अद्भुत करार दिया. मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद दशोरा ने स्वागत दिया, जबकि आयोजन सचिव एवं जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) राजेंद्र कुमार शर्मा ने आभार जताया. एडीएम (प्रशासन) प्रभा गौतम, यूआईटी सचिव कैलाश गुर्जर, जिंक सीएसआर हेड सुन्दराज आदि मौजूद थे. संचालन सूर्यप्रकाश गर्ग एवं पारसमल टेलर ने किया.
नकद पुरस्कार दिया: समापन समारोह में आकोला के शारीरिक शिक्षक तिलकेश आचार्य ने विजेता टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा की. राजस्थान की बालक एवं बालिका वर्ग की टीम को 11-11 हजार रुपए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की. यह राशि विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने राजस्थान की दोनों टीम को दी.

