Weather Forecast : एक्टिव हुआ पश्चिमी विक्षोभ, बारिश-ओलावृष्टि से बदलेगा मौसम का मिजाज
प्रदेश में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश से मौसम का मिजाज बदलने वाला है.

Published : February 17, 2026 at 1:01 PM IST
जयपुर: राजस्थान में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है. मौसम केंद्र के अनुसार 17 और 18 फरवरी 2026 को प्रदेश में नया सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ प्रभावी होगा, जिसका असर खासतौर पर उत्तर और उत्तर-पूर्वी जिलों में देखने को मिलेगा. इस सिस्टम के प्रभाव से कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने राज्य के लगभग 25 से 31 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे व्यापक स्तर पर मौसम परिवर्तन के संकेत मिल रहे हैं.
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस विक्षोभ का सर्वाधिक असर 18 फरवरी को बीकानेर, अजमेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग सहित शेखावाटी क्षेत्र में रहेगा. इस दौरान कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अचानक धूलभरी हवाएं चलने और बिजली चमकने की घटनाएं भी हो सकती हैं.
आज यहां हो सकती है बारिश : उत्तरी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों- श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और जैसलमेर में 17 फरवरी की सुबह से ही बादल छाने की संभावना है और रात तक मौसम सक्रिय हो सकता है. वहीं नागौर, सीकर, चूरू और अलवर सहित कई इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की बारिश के आसार हैं. विभाग का कहना है कि इस दौरान स्थानीय स्तर पर मौसम तेजी से बदल सकता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
पढ़ें : Rajasthan Weather Update : अगले 24 घंटे में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानिए क्या आएगा मौसम में बदलाव
मौसम केंद्र के अनुसार अगले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में खास बदलाव नहीं होगा, लेकिन इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है. अगले तीन दिनों में भी न्यूनतम तापमान में इसी स्तर की वृद्धि होने से सर्दी का असर कुछ कम हो सकता है. हालांकि, राज्य के दक्षिण और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है.
फरवरी में बाड़मेर की दोपहर में तपिश : पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों के अनुसार राजस्थान के ज्यादातर जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि कहीं भी वर्षा नहीं हुई. 17 फरवरी 2026 सुबह की रिपोर्ट के अनुसार अधिकतम तापमान बाड़मेर में 34.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान करौली में 10.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. मौसम केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि फिलहाल दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंडक का मिश्रित मौसम बना हुआ है, लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के असर से अगले दो दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल सकता है.
राजस्थान के अन्य प्रमुख शहरों में भी रविवार को तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा. अजमेर में अधिकतम तापमान 30.7, भीलवाड़ा में 31.2, कोटा में 31.1 और डूंगरपुर में 32.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. अधिकांश स्थानों पर रात का तापमान 10 से 18 डिग्री के बीच रहा, जिससे सुबह-शाम हल्की ठंडक बनी रही. पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर अपेक्षाकृत अधिक दिख रहा है. यहां बीकानेर में 33.8, जोधपुर शहर में 33.1, पाली में 33.3 और फलोदी में 32.6 डिग्री तापमान रहा, पश्चिमी क्षेत्र में न्यूनतम तापमान सबसे कम 11.9 डिग्री जालोर में रिकॉर्ड किया गया.

