Rajasthan Weather : फरवरी में बदला मौसम का मिज़ाज, कई शहरों में टेम्परेचर 30 के पार, पढ़ें अपडेट
प्रदेश में अगले 48 घंटे के दौरान अधिकतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है.

Published : February 23, 2026 at 9:49 AM IST
जयपुर : राजस्थान में मौसम ने फरवरी के अंतिम सप्ताह से पहले ही रंग बदलना शुरू कर दिया है. मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की प्रबल संभावना है. हालांकि 23 और 24 फरवरी को दक्षिण-पूर्वी हिस्सों में आंशिक बादल छाने के संकेत हैं, लेकिन बारिश की व्यापक संभावना नहीं है.
मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा का कहना है कि पिछले दिनों सक्रिय रहे पश्चिमी विक्षोभ के कारण हुई बारिश और ओलावृष्टि का असर अभी वातावरण में बना हुआ है. यही कारण है कि सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में तेज धूप का मिश्रित असर महसूस हो रहा है. कई जिलों में सुबह घना कोहरा छा रहा है, जबकि दोपहर बाद तापमान तेजी से बढ़ने से गर्मी का एहसास होने लगा है.
पढ़ें. Weather Forecast : एक्टिव हुआ पश्चिमी विक्षोभ, बारिश-ओलावृष्टि से बदलेगा मौसम का मिजाज
48 घंटों बाद तापमान में बढ़ोतरी के संकेत : पूर्वानुमान के मुताबिक अगले 48 घंटों के बाद राज्य में न्यूनतम और अधिकतम तापमान में लगभग 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. फरवरी के अंतिम सप्ताह में अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव होली से पहले गर्मी के जल्दी दस्तक देने का संकेत है.
सोमवार को जयपुर, सीकर और आसपास के क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर मेघगर्जन, हल्की वर्षा, आकाशीय बिजली और 20-30 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है. इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. किसानों को सलाह दी गई है कि वे सिंचाई और कटाई जैसे कृषि कार्य मौसम के पूर्वानुमान को ध्यान में रखकर योजना अनुसार करें.
पढ़ें. राजस्थान में मौसम का बदला मिजाज, दिन में बढ़ी गर्मी, जानिए वेदर अपडेट
22 फरवरी को दर्ज अधिकतम तापमान : राज्य में रविवार को तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई. लगभग 20 स्थानों पर पारा 30°C के पार पहुंच गया. इस दौरान पश्चिमी राजस्थान में अधिकतम तापमान का प्रभावी असर नजर आया. सबसे ज्यादा तापमान बाड़मेर में 34.6 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं, जैसलमेर और लूणकरणसर में अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा. इसके अलावा फलोदी, जोधपुर, डूंगरपुर, चित्तौड़गढ़, बीकानेर, फतेहपुर, चूरू, जालोर, डबोक, पिलानी, श्रीगंगानगर, पाली, नागौर और दौसा के साथ-साथ अजमेर में भी अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर रहा.
30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर वाले शहर : बाड़मेर में 34.6, जैसलमेर में 32.7, लूणकरणसर में 32.7, फलोदी में 32.6, जोधपुर में 32.4, डूंगरपुर में 32.2, चित्तौड़गढ़ में 32, बीकानेर में 32, फतेहपुर में 32, चूरू में 31.8, जालोर में 31.6, डबोक में 31.4, और पिलानी में 31.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. वहीं, श्रीगंगानगर में 31, पाली में 31, जवाई डैम (पाली) में 30.8, नागौर में 30.8, दौसा में 30.7, करौली में 30.1 और अजमेर में 30.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.
मौसम का रुझान क्या कहता है : मौसम विभाग की जयपुर केंद्र के अनुसार बढ़ता तापमान संकेत दे रहा है कि राज्य में सर्दी का असर कमजोर पड़ रहा है. दिन का तापमान तेजी से बढ़ रहा है. सुबह-रात हल्की ठंड बनी हुई है और अगले सप्ताह तक शुष्क मौसम प्रमुख रहेगा. फरवरी में ही तापमान का 30 डिग्री सेल्सियस पार जाना इस बात का संकेत है कि इस बार गर्मी सामान्य से पहले दस्तक दे सकती है. मौसम विभाग के अनुसार यदि यही रुझान जारी रहा तो मार्च की शुरुआत से ही प्रदेश के कई हिस्सों में गर्मी तेज हो सकती है.

