ठिठुरी मरुधरा : 29 जिलों का पारा 10 डिग्री से नीचे, 13 जिलों में कोहरे का अलर्ट, जैसलमेर सबसे सर्द
राजस्थान में शीत लहर का व्यापक असर देखने को मिल रहा है.

Published : January 10, 2026 at 1:25 PM IST
|Updated : January 10, 2026 at 2:29 PM IST
जयपुर : राजस्थान में बीते 24 घंटे के दौरान शीतलहर का प्रभावी असर नजर आया और कई जिलों में कोहरा छाने के साथ ही तापमान में गिरावट दर्ज की गई. हालांकि, बीते 24 घंटे के दौरान राज्य का मौसम शुष्क रहा. इसके साथ ही राज्य में अधिकतम तापमान प्रतापगढ़ में 26.4 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान दौसा में 3.5 डिग्री दर्ज किया गया. खास बात यह रही कि प्रदेश के 29 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री या इससे भी नीचे रहा.
सबसे सर्द जिला रहा दौसा : राजस्थान में शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है और प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान बेहद नीचे दर्ज किया गया है. सबसे सर्द जिला दौसा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. अलवर, श्रीगंगानगर और फतेहपुर में भी तापमान 4 डिग्री से नीचे बना हुआ है. शेखावाटी अंचल के सीकर, झुंझुनू और चूरू में कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है. राजधानी जयपुर में न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि जोधपुर, जालोर और चित्तौड़गढ़ जैसे जिलों में तापमान 9 से 10 डिग्री के आसपास रहा.
इन जिलों में 10 डिग्री से नीचे तापमान : दौसा में 3.5°, अलवर में 3.6°, श्रीगंगानगर में 3.9°, फतेहपुर में 3.9°, नागौर में 4.2°, कुचामन में 4.4°, जैसलमेर में 4.5°, पिलानी में 4.5°, लूणकरनसर में 4.6°, माउंट आबू में 4.8°, सीकर में 5.0°, वनस्थली में 5.1°, झुंझुनू में 5.1°, चूरू में 5.5°, बीकानेर में 5.8°, सिरोही में 6.1° और फलोदी में 6.2° तापमान दर्ज किया गया. वहीं, अंता (बारां) में 7.4°, बाड़मेर में 7.6°, जयपुर में 7.6°, अजमेर में 7.9°, भीलवाड़ा में 8.2°, जवाई बांध (पाली) में 8.4°, डबोक में 8.6°, कोटा में 8.6°, जालोर में 9.1°, जोधपुर शहर में 9.3°, चित्तौड़गढ़ में 9.6° और प्रतापगढ़ में 10.0° तापमान दर्ज किया गया है.
पढ़ें. जयपुर समेत कई जिलों में कोहरे का पहरा, मौसम विभाग का अलर्ट... जानिए आगे क्या रहेगा हाल
अगले 48 घंटे रहेगी शीत लहर : मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 से 48 घंटों तक प्रदेश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में ठंड का असर बने रहने की संभावना है. पिछले 24 घंटों में राज्य में मौसम शुष्क रहा और राज्य के कुछ भागों में घना कोहरा व कहीं-कहीं शीतदिन (Cold day) या शीत लहर भी दर्ज किया गया है. इस दौरान कोहरे के अलावा सर्द हवाएं चल सकती हैं. पश्चिमी राजस्थान में दिन में भी बर्फीली हवाओं के असर के कारण जैसलमेर, बाड़मेर, बालोतरा, जालौर, पाली और सिरोही में तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य के अधिकांश भागों में आज से आगामी एक सप्ताह तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा. इस बीच पश्चिमी, उत्तरी और पूर्वी भागों के कुछ भागों में आगामी दो-तीन दिन घना कोहरा और शीतदिन की स्थिति जारी रहने की संभावना है.
कोहरे की चपेट में आए पुलिसकर्मी : जैसलमेर में 4.6 डिग्री तापमान के साथ राज्य की सबसे ठंडी रात दर्ज किए जाने के बाद घना कोहरा और शीतलहर का असर लगातार बना हुआ है. कोहरे के कारण जनजीवन के साथ-साथ यातायात भी प्रभावित हो रहा है. इसी बीच पोकरण क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 11 पर मोहनगढ़ से पोकरण आ रही पुलिस की गाड़ी को सामने से आ रही एक बस ने टक्कर मार दी. हादसे में मोहनगढ़ थानाधिकारी बाबूराम सहित चार पुलिसकर्मी घायल हो गए. सभी पुलिसकर्मी आज पोकरण में आयोजित होने वाले हिंदू सम्मेलन की ड्यूटी में जा रहे थे. दुर्घटना के बाद घायलों को पहले पोकरण अस्पताल लाया गया, जहां से गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जोधपुर रेफर किया गया. सूचना मिलने पर पुलिस वृत्ताधिकारी भवानी सिंह राठौड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे. उधर, जयपुर ग्रामीण क्षेत्र के पावटा के पास भी घने कोहरे के चलते हाईवे पर रोडवेज बस और पिकअप वाहन की टक्कर की खबर सामने आई है.
पढ़ें. पश्चिमी विक्षोभ का असर: राजस्थान के कई जिलों में मावठ, मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट
फतेहपुर, श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में भी कोहरा : प्रदेश के कई जिलों में कोहरे का असर अधिक नजर आ रहा है. आज सुबह श्रीगंगानगर जिला घने कोहरे की चादर में लिपटा रहा. घने कोहरे की वजह से सड़कों पर दृश्यता लगभग शून्य रही और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार में ब्रेक लग गया. सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में भी घना कोहरा छाए रहने के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ. फतेहपुर में कल 7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के मुकाबले आज पारे में बड़ी गिरावट देखने को मिली. इस दौरान लोग अलाव का सहारा लेते हुए नजर आए. इसके अलावा बीकानेर और चूरू जिले में भी कोहरा छाए रहने के कारण सुबह 11:00 बजे तक सूर्य के दर्शन नहीं हुए.
प्रदेश में सबसे सर्द रात जैसलमेर की : जैसलमेर शीत लहर की चपेट में है. प्रदेश में सबसे सर्द रात जैसलमेर की रही. बीते दिन का तापमान इस सीजन में पहली बार गुरुवार को 3.3 डिग्री पहुंच गया. वहीं, मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जैसलमेर का न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पूरे राजस्थान में सबसे कम रहा. स्वर्णनगरी में शनिवार को भी अल सुबह से ही सर्दी का असर तेज दिख रहा है. घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी भी बहुत कम है.
नहरी क्षेत्र के गांवों में खेतों की मेड़ और फसलों पर भी पाला जमने जैसी स्थिति दिखाई दी. कृषि मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पाला जमने से रबी की चना, जीरा व सरसों की फसलों को नुकसान होने की संभावना है. पाले व शीतलहर से फसलों को काफी नुकसान होता है. कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव के अनुसार पाले व शीतलहर से फसलों को बचाने के लिए आवश्यकता अनुसार हल्की सिंचाई करें, गंधक के पाउडर का 2 से 2.5 किलों प्रति बीघा की दर से छिड़काव करें या तनु (0.1%) गंधक के अम्ल का छिड़काव करें. नए लगाए बागवानी पौधों को नॉन वूलन कपड़े या अन्य घास फूस से ढकें. पशुधन को अच्छा दाना पानी खिलाएं व रात को सुरक्षित स्थान पर बांधें. साथ ही फसलों की सिंचाई करते रहने से पाले की आशंका कम हो जाएगी.
नहरी व ट्यूबवेल क्षेत्र में गाड़ियों पर जमी बर्फ : जैसलमेर में आगामी एक-दो दिन सर्दी का असर तेज रहेगा. कृषि मौसम वैज्ञानिक अतुल गालव ने बताया कि प्रदेश के पश्चिमी, उत्तरी व पूर्वी भागों में कहीं-कहीं आगामी दो-तीन दिन घना कोहरा व शीत दिन जारी रहने की संभावना है. शीतलहर के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज होगी. उत्तर से आ रही सर्द हवाओं का असर तेज रहने से कड़ाके की सर्दी का दौर आगामी एक-दो दिन ओर जारी रहेगा.


