Weather Forecast : होली के साथ ही गर्मी ने दिखाए तेवर, अधिकांश शहरों में पारा 31 डिग्री सेल्सियस पार
प्रदेश में मार्च के पहले सप्ताह में ही गर्मी में तीखे तेवर दिखाना शुरू कर दिया है.

Published : March 4, 2026 at 2:41 PM IST
जयपुर: राजस्थान में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने रफ्तार पकड़ ली है. प्रदेश के ज्यादातर शहरों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है, जबकि पश्चिमी जिलों में पारा 35 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है. 3 मार्च को बाड़मेर में सबसे अधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. फलोदी में 37.0 और जोधपुर शहर में 36.6 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. जैसलमेर में 36.5, जालोर और बीकानेर में 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. चित्तौड़गढ़ 35.8 और जवाई डेम 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ गर्म जिलों में शामिल रहे.
राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. कोटा में 34.7, भीलवाड़ा में 34.6, अजमेर में 34.5 और पाली में 34.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. सीकर में 32.5, सिरोही में 32.8 और श्रीगंगानगर में 33.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. तेजी से बढ़ते तापमान ने संकेत दे दिए हैं कि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज हो सकती है.
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी : 4 मार्च को न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी का असर दिखाई दिया. हालांकि कुछ इलाकों में सुबह हल्की ठंडक बनी रही. बाड़मेर में न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा. फलोदी में 22.6 और जैसलमेर में 20.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. जयपुर और बीकानेर में 20.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. कोटा में 16.8, जोधपुर शहर और श्रीगंगानगर में 16.7, अजमेर में 16 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. चित्तौड़गढ़ 15.2, पिलानी और चूरू 15-15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहे. माउंट आबू में 12.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ, जबकि पाली में सबसे कम 8.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
अगले 2-3 दिन और बढ़ेगी गर्मी : मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार अगले 2 से 3 दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है, जिससे दिन के समय गर्मी का असर और तेज होगा. हालांकि, रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट के कारण कुछ स्थानों पर हल्की ठंडक महसूस की जा सकती है. दिन और रात के तापमान के बीच बढ़ता अंतर आगामी दिनों में लू की परिस्थितियों का संकेत दे रहा है.
पढे़ं. राजस्थान में बढ़ने लगी गर्मी की रफ्तार, 15 स्थानों पर तापमान 33 सेल्सियस पार
लू के दिनों में बढ़ोतरी की आशंका : मौसम विभाग (IMD) ने मार्च से मई 2026 के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक लू चलने की आशंका जताई है. उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 से 8 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है. राजस्थान, गुजरात, हरियाणा, पंजाब और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है. राजस्थान में कुछ स्थानों पर तापमान सामान्य से 7 डिग्री सेल्सियस तक ऊपर पहुंच गया है. मौसम विभाग का मानना है कि यदि यही स्थिति बनी रही तो मार्च के दूसरे पखवाड़े से लू का असर भी देखने को मिल सकता है. ऐसे में लोगों को दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी गई है.

