सर्दी का सितम : कई जगहों पर दिन में भी छाया घना कोहरा, अलाव तापते नजर आए लोग
प्रदेशभर में ठंड का कहर बढ़ता जा रहा है. तापमान गिरने से कोहरे का असर भी बढ़ रहा है.

Published : December 23, 2025 at 10:10 AM IST
|Updated : December 23, 2025 at 10:26 AM IST
नागौर/बाड़मेर : मंगलवार को सर्दी ने अचानक दस्तक दे दी. नागौर और बाड़मेर में सीजन का पहला कोहरा मंगलवार सुबह देखा गया. सुबह करीब 8 बजे के बाद कोहरा और अधिक घना हो गया. शहर के बाहर हाईवे पर कई स्थानों पर जीरो विजिबिलिटी दर्ज की गई, जिससे वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर वाहन चलाने को मजबूर होना पड़ा.
मौसम विभाग के अनुसार पिछले दो दिनों से नागौर में तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल रही थी, लेकिन सोमवार देर रात अचानक ठंड का अहसास हुआ. मंगलवार सुबह होते-होते पूरा नागौर जिला कोहरे की चादर में लिपटा नजर आया. खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में कोहरे का असर ज्यादा देखा गया, जहां दृश्यता बेहद कम रही. सोमवार रात नागौर का न्यूनतम तापमान करीब 12 से 13 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.
पढ़ें. राजस्थान में सर्दी का सितम जारी, कई जिलों में घना कोहरा, विजिबिलिटी @ 20 मीटर
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में सर्दी और तेज हो सकती है. विभाग के अनुसार मंगलवार को नागौर का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है, जबकि रात होते-होते तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है. इसके साथ ही करीब 11 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.
कोहरे और ठंड के कारण सड़कों पर लोग अलाव तापते नजर आए. सुबह-सुबह चौराहों और बाजारों में लोग ठंड से बचने के लिए अलाव के आसपास जमा दिखे. कोहरे के चलते दैनिक दिनचर्या पर भी असर पड़ा. बाजारों में रोजाना की तुलना में कम भीड़ देखने को मिली. वहीं, हाईवे पर ट्रैफिक की रफ्तार काफी धीमी रही. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में नागौर जिले में कोहरा और सर्दी दोनों का असर बढ़ सकता है. ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

पढ़ें. आयुर्वेद में तिल के तेल का है महत्व, सर्दी के मौसम में फायदेमंद
बाड़मेर में बदला मौसम का मिजाज : राजस्थान के रेगिस्तानी इलाके बाड़मेर में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया. रेगिस्तानी इलाके में सर्दी का अहसास हुआ. इस सीजन में पहली बार सुबह से ही धुंध छाई रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और सर्दी का असर तेज हो गया. लोगों को ठंड के कारण ठिठुरन महसूस हुई, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ. सुबह के समय स्कूल जाने वाले बच्चों को विशेष रूप से परेशानी हुई, क्योंकि उन्हें ठंडी हवाओं और धुंध के बीच स्कूल जाना पड़ा. सर्दी से बचने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया, जिससे वे ठंड से राहत पा सकें.
दिसंबर के महीने में बाड़मेर में अब तक गर्मी का असर जारी था, जबकि राजस्थान के अन्य हिस्सों में सर्दी का असर दिखाई दे रहा था. दिन का तापमान इतना अधिक था कि लोग ठिठुरन की बजाय गर्मी से परेशान थे. मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में राजस्थान में अधिकतम तापमान बाड़मेर में 33.4 डिग्री जबकि न्यूनतम तापमान सिरोही में 8.9 डिग्री दर्ज किया गया. हालांकि, मंगलवार को मौसम में आए बदलाव ने लोगों को सर्दी का अहसास कराया. सुबह से आसमान में धुंध छाई रहने और ठंड का असर देखने को मिला, जिससे लोगों को इस सीजन में पहली बार ऐसी ठिठुरन का अनुभव हो रहा है.

