Rajasthan Weather Update : दोपहर का पारा पहुंचा 36 डिग्री से पार, बाड़मेर सबसे गर्म, फतेहपुर सबसे ठंडा
तापमान में लगातार बढ़ोतरी के चलते प्रदेश में अधिकतम तापमान 36 डिग्री तक पहुंच गया है.

Published : February 26, 2026 at 11:42 AM IST
जयपुर : राजस्थान में गर्मी ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है. राजधानी जयपुर सहित अधिकतर जिलों में पारा लगातार 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया जा रहा है, वहीं रात का तापमान भी 16 डिग्री तक पहुंच गया है. मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आगामी एक सप्ताह तक मौसम साफ रहने और तेज धूप के कारण तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना है. राज्य में पिछले 24 घंटो के दौरान मौसम शुष्क रहा. इस बीच अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री, जबकि न्यूनतम तापमान फतेहपुर (सीकर) में 9.7 डिग्री दर्ज किया गया.
शुष्क हवाओं के कारण उतार-चढ़ाव : मौसम विभाग के जयपुर केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार तापमान में यह उतार-चढ़ाव बदलते मौसम और शुष्क हवाओं के कारण है. दिन में तेज धूप और साफ आसमान से अधिकतम तापमान बढ़ रहा है, जबकि रात में हवा की ठंडक से न्यूनतम तापमान गिर रहा है. आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने और दिन के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है.
इसे भी पढ़ें: Weather Forecast : होली तक बढ़ जाएगी राजस्थान में तपन, 12 शहरों में पारा 30 पार
पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा : पिछले 24 घंटों के मौसम आंकड़ों के अनुसार राजस्थान में तापमान में क्षेत्रवार काफी अंतर देखने को मिला. पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर ज्यादा रहा, जबकि पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में तापमान अपेक्षाकृत कम दर्ज किया गया. आंकड़ों के मुताबिक प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर में 36.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा.
पूर्वी राजस्थान की बात करें, तो यहां चित्तौड़गढ़ 33.8 डिग्री के साथ सबसे गर्म स्थान रहा. इसके अलावा वनस्थली में 32.2, फतेहपुर में 32.2, डूंगरपुर में 32.7 और पिलानी में 32.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 30.8 और न्यूनतम 17.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य के आसपास माना जा रहा है.
न्यूनतम तापमान की बात करें तो पूर्वी राजस्थान में सबसे कम तापमान फतेहपुर में 9.7 डिग्री दर्ज हुआ, जबकि अलवर में 10.0 और सीकर में 11.2 डिग्री रहा. माउंट आबू में अधिकतम तापमान केवल 25.2 डिग्री रहा, जिससे यह प्रदेश का सबसे ठंडा दिन वाला स्थान बना रहा. पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रभाव ज्यादा स्पष्ट रहा. जैसलमेर और फलोदी में 34.6 डिग्री, जोधपुर शहर में 33.9, बीकानेर में 33.6 और जालोर में 34.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान की बात करें तो नागौर में 10.9 डिग्री के साथ पश्चिमी क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि चूरू में 12.6 और श्रीगंगानगर में 13.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया.
इसे भी पढ़ें: Rajasthan Weather : फरवरी में बदला मौसम का मिज़ाज, कई शहरों में टेम्परेचर 30 के पार, पढ़ें अपडेट
इस बीच मौसम बदलते ही घर-घर वायरल अटैक के मामले भी सामने आ रहे हैं. जयपुर में अस्पतालों की ओपीडी में मरीज बढ़ रहे हैं. जिनमें अधिकांश मरीज, वायरल संक्रमण की चपेट में हैं. खास तौर पर वायरल बुखार, गले में खराश, सिर दर्द, एलर्जी, अस्थमा, बदन दर्द, खांसी और सांस से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से आ रही है.

