ETV Bharat / state

राजस्थान में बदला मौसम का मिजाज, कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट

कई जिलों में अलर्ट जारी है, जहां 60-70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना है.

मौसम विभाग जयपुर केन्द्र
मौसम विभाग जयपुर केन्द्र (ETV Bharat Jaipur)
author img

By ETV Bharat Rajasthan Team

Published : June 3, 2026 at 2:16 PM IST

3 Min Read
Choose ETV Bharat

जयपुर : राजस्थान में भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर है. प्रदेश में आज से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके प्रभाव से मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने जा रहा है. मौसम विभाग ने कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.

श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, नागौर, सीकर और झुंझुनूं जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और ओले गिरने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के अनुसार, इस सिस्टम का असर 6 जून तक बना रहेगा. इसके चलते जयपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, बीकानेर और जोधपुर संभाग के कई हिस्सों में भी तेज अंधड़ के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं. वहीं, कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और ओलावृष्टि की भी संभावना बनी हुई है.

पढे़ं. भीलवाड़ा-बारां में अचानक मूसलाधार बारिश, भीषण गर्मी और लू से मिली राहत, किसानों के चेहरे खिले

गर्मी पर ब्रेक, तापमान में गिरावट : पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. कई शहरों में पारा सामान्य से 4 से 6 डिग्री नीचे आ गया है. राजधानी जयपुर में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि उदयपुर में 35 डिग्री और अलवर में 33.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर और श्रीगंगानगर जैसे गर्म जिलों में भी तापमान 41 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जो पिछले दिनों की तुलना में कम है.

कई जिलों में हुई बारिश, आंकड़े जारी : जल संसाधन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बीते 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. अलवर जिले के राजगढ़ में 66 मिमी और रामगढ़ में 31 मिमी बारिश हुई. फलोदी जिले के देचू में 57 मिमी और सेतरावा में 34 मिमी वर्षा दर्ज की गई. इसके अलावा दौसा, धौलपुर, भीलवाड़ा, बूंदी और बारां सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश रिकॉर्ड की गई, जिससे गर्मी से राहत मिली है.

पढे़ं. वेस्टर्न डिस्टर्बेंस से बदला राजस्थान का मौसम, आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से गर्मी से राहत

आंधी-बारिश के साथ खतरे की चेतावनी : मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि जहां एक ओर यह बदलाव गर्मी से राहत देगा, वहीं तेज आंधी और बिजली गिरने का खतरा भी बना रहेगा. अगले दो दिन में कुछ इलाकों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से अंधड़ चल सकता है. ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों, पेड़ों तथा बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है. मौसम विभाग के जयपुर केन्द्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा के अनुसार, 3 और 4 जून को इस पश्चिमी विक्षोभ का प्रभाव सबसे अधिक रहेगा. इसके बाद भी अगले एक सप्ताह तक प्रदेश में आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है. अच्छी बात यह है कि इस दौरान हीटवेव से राहत बनी रहेगी और अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहने का अनुमान है.